धार, अग्निपथ। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही और बैठक से बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारी के एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए, जबकि जनजातीय कार्य विभाग को समय पर शिकायतें नहीं निपटाने पर संबंधित अधिकारी का तीन दिन का वेतन काटने की चेतावनी दी गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि 100 से अधिक शिकायतें लंबित रखने वाले विभागों पर सख्ती होगी और संतोषजनक निराकरण न होने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सुबह-शाम मॉनिटरिंग और आवेदक की संतुष्टि अनिवार्य
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित बैठक में जिला पंचायत सीईओ अखिलेश कुमार जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि लंबित शिकायतों से जिले की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग प्रभावित होती है, इसलिए सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह और शाम मॉनिटरिंग करें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को शिकायतें फोर्स क्लोज करने के बजाय आवेदक की संतुष्टि के आधार पर बंद करने के निर्देश दिए। तहसीलदारों को शनिवार तक 25 तथा सोमवार तक 40 लंबित शिकायतों का प्रतिशत के बजाय तय लक्ष्य के अनुरूप निराकरण करने और जिले में कुल लंबित शिकायतों की संख्या 500 से अधिक न रखने को कहा गया।
नल-जल योजना और पोर्टल समस्याओं पर त्वरित कदम
बैठक में बंद पड़ी 23 नल-जल योजनाओं की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू करने तथा स्थल परीक्षण के बाद ही पेयजल शिकायतों का निराकरण मानने के निर्देश दिए गए। समग्र पोर्टल पर ई-केवाईसी की समस्या दूर करने के लिए कंट्रोल रूम बनेगा। खनिज, नर्मदा घाटी विकास, ऊर्जा, स्कूल शिक्षा और खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्ययोजना बनाकर आमजन को संतुष्ट करने को कहा।

