उन्हेल में मादक पदार्थ के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, डेढ़ लाख की ड्रग्स जब्त

उज्जैन, अग्निपथ। उन्हेल पुलिस ने रविवार रात वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 55.47 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात इंगोरिया चौपाटी पर सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिस पर एक युवक और एक महिला सवार थे। पुलिस टीम को देखते ही उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैग से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

आरोपी सोहेल पर दर्ज हैं 22 मामले

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल पिता मोहम्मद अनवर (34 वर्ष) निवासी बेगमबाग कॉलोनी और रुबिना पति अजहर सैयद (36 वर्ष) निवासी महिदपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोहेल एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ महाकाल थाने में पहले से ही 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह ड्रग्स कहाँ से लाए थे और किसे सप्लाई करने जा रहे थे।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संतोष चौहान, एसआई राजेश कलमी और एएसआई नरेंद्र भूरिया सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे नशीली दवाओं के नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Next Post

नशे के सौदागरों और गैंगस्टरों पर पुलिस का शिकंजा, भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त

Tue Apr 21 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन पुलिस ने शहर में नशे के कारोबारियों और कुख्यात बदमाशों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने गुर्जर और बुंदेला गैंग के सक्रिय सदस्यों को दबोचते हुए उनके पास से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद की है। सोमवार को पकड़े गए […]