आगर कलेक्टर के रवैये के विरोध में किसान संघ का ‘पोस्टकार्ड डालो अभियान’ शुरू

28 ग्राम समितियों के माध्यम से मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव के नाम भेजे 2270 पोस्टकार्ड, कलेक्टर को हटाने की मांग

नलखेड़ा, अग्निपथ। आगर जिले में किसानों के प्रति प्रशासनिक रवैये को लेकर भारतीय किसान संघ ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध का बिगुल फूंक दिया है। भारतीय किसान संघ तहसील नलखेड़ा के नेतृत्व में ‘पोस्टकार्ड डालो अभियान’ की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम समितियों के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम पोस्टकार्ड भेजकर जिला कलेक्टर को तत्काल पद से हटाने की मांग की गई है।

कलेक्टर की भाषा-शैली पर संघ को भारी आपत्ति

तहसील अध्यक्ष नारायण सिंह जोधा के नेतृत्व में यह विरोध अभियान चलाया जा रहा है। संगठन का गंभीर आरोप है कि जिला कलेक्टर का किसानों के प्रति रवैया सकारात्मक नहीं है। हाल ही में हुई एक बैठक के दौरान कलेक्टर एवं संघ पदाधिकारियों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसमें अधिकारी द्वारा आपत्तिजनक भाषा-शैली का उपयोग किया गया था। इसी से नाराज होकर किसान संघ ने मोर्चा खोल दिया है।

सचिवालय में स्थानांतरित करने की मांग

पोस्टकार्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव से मांग की गई है कि गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने वाले अधिकारी को जिलाधीश पद से हटाकर सचिवालय भेजा जाए। संघ का स्पष्ट कहना है कि किसान समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील संवाद आवश्यक है। यदि नकारात्मक रवैया अपनाया गया तो संघ पीछे नहीं हटेगा। अभियान के पहले ही दिन 28 ग्राम समितियों द्वारा 2270 पोस्टकार्ड डाक से रवाना किए गए। किसान संघ ने चेतावनी दी है कि किसानों के मान-सम्मान की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन शहर के दो कारोबारियों के बीच पुरानी रंजिश में ख़ूनी संघर्ष

Wed Sep 16 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। शहर के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित माधव क्लब के बाहर मंगलवार शाम होटल कारोबारी चंद्रशेखर श्रीवास उर्फ शेखर और दूध व्यवसायी नरेश वासवानी के बीच खूनी संघर्ष हो गया। सालों से चली आ रही आपसी रंजिश के कारण दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर लात-घूंसे […]

Breaking News