महिदपुर मंडी में नई सोयाबीन की रिकॉर्ड आवक, 5611 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिकी

शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना के साथ हुआ कृषक का अभिनंदन; चार दिनों तक नीलामी कार्य रहेगा पूरी तरह स्थगित

महिदपुर, अग्निपथ। कृषि उपज मंडी समिति महिदपुर में शुक्रवार का दिन किसानों और व्यापारियों के लिए विशेष उत्साह लेकर आया। क्षेत्र में नई सोयाबीन की आवक का औपचारिक श्रीगणेश हो गया है। ग्राम मेलमुंडला निवासी कृषक राहुल पिता रणछोड़ लाल मंडी में नई सोयाबीन लेकर पहुंचे। मंडी प्रांगण में नई उपज के आगमन पर मंडी सचिव प्रीतमसिंह चौधरी ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और कृषक राहुल का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत-सम्मान किया।

पूजा-अर्चना के पश्चात खुली नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई। मंडी में लाई गई लगभग 15 बोरी नई सोयाबीन की खुली बोली लगाई गई, जिसमें व्यापारियों के बीच खासा उत्साह देखा गया। अंततः फर्म जयचंद्र रखबचंद्र चोपड़ा के मालिक अजय चोपड़ा ने 5611 रुपये 25 पैसे प्रति क्विंटल की सर्वोच्च बोली लगाकर इस नई उपज की खरीदी की। नई फसल के इतने अच्छे और आकर्षक दाम मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।

लगातार चार दिनों तक मंडी में रहेगा नीलामी का अवकाश

इधर, मंडी सचिव श्री चौधरी ने एक प्रेस वक्तव्य जारी कर किसान भाइयों के लिए आवश्यक सूचना दी है। उन्होंने बताया कि मंडी सामान्य अवकाश और महिदपुर तहसील अनाज व्यापारी संघ के आवेदन के अनुसार आगामी चार दिनों तक नीलामी कार्य बंद रहेगा।

अवकाश की तिथियां एवं कारण:

12 सितंबर 2026 (चतुर्थ शनिवार): बैंक बंद रहने के कारण।

13 सितंबर 2026 (रविवार): साप्ताहिक अवकाश।

14 सितंबर 2026 (सोमवार): गणेश चतुर्थी का सामान्य अवकाश।

15 सितंबर 2026 (मंगलवार): संवत्सरी पर्व पर व्यापारी संघ के आवेदन अनुसार अवकाश।

मंडी प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि 12 सितंबर शनिवार से 15 सितंबर मंगलवार तक लगातार चार दिनों का नीलामी अवकाश होने के कारण वे अपनी उपज विक्रय हेतु मंडी प्रांगण में न लाएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

00000

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आगर कलेक्टर के रवैये के विरोध में किसान संघ का ‘पोस्टकार्ड डालो अभियान’ शुरू

Fri Sep 11 , 2026
28 ग्राम समितियों के माध्यम से मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव के नाम भेजे 2270 पोस्टकार्ड, कलेक्टर को हटाने की मांग नलखेड़ा, अग्निपथ। आगर जिले में किसानों के प्रति प्रशासनिक रवैये को लेकर भारतीय किसान संघ ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध का बिगुल फूंक दिया है। भारतीय किसान संघ तहसील नलखेड़ा […]

Breaking News