केरल में बुजुर्ग की हत्या कर फरार हुई दो महिला आरोपी 13 साल बाद उज्जैन से गिरफ्तार

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उज्जैन से लगभग 2,000 किलोमीटर दूर केरल के कन्नूर जिले में 13 साल पहले एक बुजुर्ग की हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाली दो महिला आरोपियों को उज्जैन पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2013 में सकीना फातिमा (उम्र 33 वर्ष) और परवीन बानो (उम्र 48 वर्ष), जो कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की निवासी हैं, ने अपने साथियों के साथ मिलकर केरल के कन्नूर जिले में एक बुजुर्ग की हत्या कर लूटपाट की थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी महिलाएं फरार हो गई थीं। यही नहीं, साल 2016 में आंध्र प्रदेश में भी एक अन्य व्यक्ति के साथ लूट की घटना में इनकी संलिप्तता सामने आई थी।

मुखबिरों से मिली सूचना दोनों उज्जैन में

इन दोनों वारदातों के बाद से ही दोनों महिलाएं पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रही थीं। केरल पुलिस लगातार इनकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान केरल पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि दोनों आरोपी महिलाएं उज्जैन में छिपकर रह रही हैं। यह इनपुट मिलते ही केरल पुलिस ने उज्जैन पुलिस के साथ जानकारी साझा की।

केरल पुलिस के सुपुर्द किया

उज्जैन पुलिस ने सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। सूचना मिलते ही केरल पुलिस की टीम उज्जैन पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को अपनी कस्टडी में लेकर केरल के लिए रवाना हो गई। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि उज्जैन क्राइम ब्रांच की टीम को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है। 13 साल से फरार चल रही जघन्य अपराध की इन दो महिला आरोपियों को पकड़कर केरल पुलिस के सुपुर्द किया गया है।

Next Post

पीएचसी ताजपुर: वेतन आहरण के नाम पर डॉक्टर से रिश्वत

Fri Mar 13 , 2026
संगणक का झारड़ा तबादला ताजपुर, अग्निपथ। पीएचसी ताजपुर में पदस्थ संगणक (अकाउंटेंट) मंजूश्री मारफतिया द्वारा वेतन आहरण और अवकाश स्वीकृत कराने के नाम पर एक डॉक्टर से रिश्वत मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। अकाउंटेंट ने फोन पे के माध्यम से रिश्वत की राशि लेने के बाद भी काम […]
निलंबित, suspend, निलंबन

Breaking News