सीहोर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, चार मकान गिरे

सीहोर, अग्निपथ। श्यामपुर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। क्षेत्र में रात से जारी बारिश के कारण ग्रामीण अंचल पूरी तरह जलमग्न हो गया और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों को तत्काल मदद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थानीय विधायक सुदेश राय की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि राजकुमार रिंकू जायसवाल सोमवार को ग्राम बनखेड़ा पहुंचे।

ग्राम बनखेड़ा में बारिश के चलते चार मकान गिरने की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावितों—लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा, संतोष श्रीवास्तव, लालाराम चौकीदार और रमाबाई विश्वकर्मा को मौके पर ही तत्काल पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों को आगे भी हर संभव प्रशासनिक मदद दिलाने का पूरा भरोसा दिया।

बनखेड़ा के अलावा विधायक प्रतिनिधि ने क्षेत्र के अन्य प्रभावित गांवों श्यामपुर, बैरागढ़ खुमान, दोराहा, चरनाल, बरखेड़ा हसन, अहमदपुर, छतरी और बिछिया का भी दौरा किया तथा स्थिति का जायजा लिया।

विधायक प्रतिनिधि राजकुमार जायसवाल ने एसडीएम तन्मय वर्मा, जनपद सीईओ तथा श्यामपुर व दोराहा के तहसीलदारों से चर्चा कर पीड़ित नागरिकों को शीघ्र अति शीघ्र राहत सामग्री और सहायता उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्थानीय सरपंचों और पंचों से भी एकजुट होकर बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटने की अपील की।

जायसवाल ने बताया कि सुरक्षा और एहतियात के तौर पर कई जलमग्न इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। वर्तमान में प्रशासनिक टीम और राहत दल मुस्तैदी से बचाव एवं राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।

Continue using AI Cursor?Keep it onTurn Off

Next Post

उज्जैन स्वास्थ्य विभाग ने जारी की प्रमोशन लिस्ट

Tue Aug 11 , 2026
प्रशासनिक लेटलतीफी के बाद कर्मचारियों को राहत उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के स्वास्थ्य विभाग ने लंबे समय से अटकी अपने कर्मचारियों की प्रमोशन लिस्ट आखिरकार मंगलवार को जारी कर दी है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा कर्मचारियों की पदोन्नति को लेकर एक विशेष पहल की गई थी, जिसके तहत संपूर्ण प्रक्रिया को पूरा […]
charak hospital चरक अस्पताल

Breaking News