अनाज तिलहन संघ चुनाव: मतगणना केंद्र में कैमरे लगाए जाएंगे, बाहर भी स्क्रीन पर लाइव देख सकेंगे

490 सदस्यों में से 470 ने ही सालाना फीस भरी इसीलिए केवल ये कर पाएंगे मतदान

उज्जैन। अनाज तिलहन संघ के चुनाव के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। मतदान के दौरान पारदर्शिता रखने के लिए कैमरे लगाए जाने का फैसला लिया गया है। साथ ही बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। ताकि मतगणना केंद्र की सारी गतिविधि बाहर मौजूद व्यापारी भी देख सकें।

यह जानकारी निवृतमान अध्यक्ष मुकेश हरभजनका ने दी। उन्होंने बताया कि साधारण सभा पूरी होने के बाद अब चुनाव कराए जाने की जिम्मेदारी उनकी है। वे निष्पक्ष चुनाव कराए जाने के लिए व्यवस्था बनाने में जुटे हुए हैं। इसके तहत जिस हाल में मतगणना होगी, उस हाल में कैमरे लगाए जाने का फैसला लिया गया है।

कैमरे बाहर लगी बड़ी स्क्रीन से जुड़ी रहेगी। इससे अंदर मतगणना का लाइव प्रसारण बाहर मौजूद व्यापारी भी देख सकेंगे। मंडी में 490 सदस्य अनाज तिलहन संघ के सदस्य हैं। इस बार 470 सदस्यों ने ही सालाना फीस और अन्य ड्यू भरे हैं। इस वजह से अब ये सदस्य ही मतदान में भाग ले पाएंगे।

वर्तमान अध्यक्ष और कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव जुलाई 2019 में हुआ था। दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर फिर से चुनाव कराए जा रहे हैं। नए पदाधिकारी भी दो साल के लिए ही चुने जाएंगे। पहले 21 सदस्यों का चुनाव 470 सदस्य करेंगे। ये डायरेक्टर चुने जाने के बाद 5 पदाधिकारियों का चयन करेंगे।

इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव और कोषाध्यक्ष का पद शामिल रहेगा। उल्लेखनीय है कि सोमवार को चार घंटे तक साधारण सभा की कार्यवाही चली। इस दौरान सदस्यों ने मौजूदा और पूर्व अध्यक्ष के सामने सवालों की बौछार की थी। मंडी से भागे व्यापारी के पैसों की वसूली नहीं होने पर व्यापारियों ने भारी नाराजगी जताई थी।

दो व्यापारी का चुनाव अधिकारी का पैनल बनाएंगे

हरभजनका ने बताया कि दो व्यापारी जितेंद्र अग्रवाल और गर्ग को चुनाव अधिकारी का पैनल तय करने की जिम्मेदारी दी गई है। ये दोनों मंडी के बाहर से चुनाव अधिकारी तलाश करके लाएंगे। क्योंकि संस्था के बायलाज में चुनाव कराने के लिए बाहरी व्यक्ति को चुनाव अधिकारी नियुक्त करने का नियम है।

इसी नियम का पालन करने के लिए इन दोनों सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन्हें निर्देश दिया गया है कि बायलाज के नियमों के तहत सहकारिता या बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े तीन व्यक्तियों का पैनल बनाएं। इसमें से सभी की सहमति से चुनाव अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पैसेंजर व ई रिक्शा कर रहे माल ढुलाई लोडिंग आटो वाले विरोध में आए

Tue Jul 27 , 2021
डीएसपी यातायात को ज्ञापन सौंपकर बंद कराने की मांग की उज्जैन। शहर में पेसेंजर आटो रिक्शा व ई रिक्शा चालकों द्वारा परमिट की शर्तों के खिलाफ यात्रियों के परिवहन की अपेक्षा माल की ढुलाई व परिवहन किया जा रहा है। इस वजह से लोडिंग आटो चालकों व हाथ ठेला हम्मालों […]