अपराध की दुनिया

टीवी पर क्रिकेट मैच, मोबाइल पर सट्टा खाईवाली

मंछामन कालोनी में देर रात पुलिस ने मारी दबिश

उज्जैन, अग्निपथ। आईपीएल क्रिकेट मैच पर घर में छिपकर सट्टा खा रहे युवक को पुलिस ने देर रात दबिश देकर हिरासत में लिया। मौके से लाखों का हिसाब और हजारों की नकदी जब्त की गई है।

नगर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा को नीलगंगा मंछामन कालोनी में आईपीएल क्रिकेट का सट्टा चलने की सूचना मिलने पर उन्होने टीआई तरुण कुरील को टीम के साथ दबिश के लिये भेजा। घर में टीवी पर मैच चल रहा था, एक युवक मोबाइल पर सट्टा खाईवाली करने में लगा हुआ था। अचानक पुलिस को देख उसने छत के रास्ते भागने का प्रयास किया, पुलिस ने उसे दबोच लिया। घर से पुलिस ने उसके पास से चार मोबाइल, सेटअप बाक्स, एलईडी टीवी और 50 हजार रुपये नगद के साथ रजिस्टर में लिखे जा रहे हिसाब को जब्त कर लिया। थाने लाकर पूछताछ करने पर सट्टा खाईवाल ने अपना नाम मुकेश पिता बंसतीलाल होना बताया। उसका कहना था कि लिंक लेकर कुछ दिन पहले ही सट्टे का कारोबार शुरू किया था। पुलिस ने मामले में धारा 4 (क) पब्लिक गैंबलिंग एक्ट का प्रकरण दर्ज किया। सटोरियों को जमानत पर रिहा किया गया है।

घर में खोल रखी साड़ी की दुकान-

पुलिस ने बताया कि जिस मकान में दबिश देकर सट्टे का अवैध कारोबार पकड़ा गया है। वहां साड़ी की दुकान होना सामने आई है। सट्टा खाईवाल का परिवार घर से साड़ी बेचने का काम करता है। युवक को अपराधिक रिकार्ड सामने नहीं आया है। उसकी गतिविधियों पर आगे से नजर रखी जाएगी। विदित हो कि पॉश कालोनी में शामिल मंछामन में अनैतिक कामों की गतिविधियां बढ़ रही है। कुछ दिनों पहले मेनरोड पर होटल जैनम में दबिश देकर प्रेमी युगल को पकड़ा गया था। होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

0000000000000000000000

घर में घुसा बदमाश ले भागा पर्स-मोबाइल

उज्जैन, अग्निपथ। दरवाजा खुला देख सोमवार दोपहर बदमाश घर में घुसा और टेबल पर रखा पर्स-मोबाइल लेकर भाग निकला। वृद्ध की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के पिपलीनाका स्थित झरण कालोनी में रहने वाले बद्रीलाल पिता गणपत पांचाल (70) दोपहर में दरवाजा खुला छोड़कर सो रहे थे। उसी दौरान एक बदमाश मौका पाकर घर में घुसा और टेबल पर रखा पर्स, मोबाइल उठा लिया। वह घर में दूसरा सामान चुराने का प्रयास कर रहा था, तभी वृद्ध की पोती कमरे में आ गई, उसने शोर मचाया तो बदमाश भाग निकले। दोपहर का समय होने पर क्षेत्र में सन्नाटा था। जिसके चलते बदमाश पकड़ में नहीं आ सका। बद्रीलाल ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पर्स में रखे पैसे और मोबाइल की कीमत 12 हजार रुपये होना बताई गई है। पुलिस ने बदमाश का पता लगाने के लिये क्षेत्र में लगे कैमरे देखे तो भागता हुआ दिखाई दिया है। फुटेज से पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

000000000000000000000000000

घर के बाहर खड़ी आटो में लगाई आग

उज्जैन, अग्निपथ। रात में घर के बाहर खड़ी आटो में अज्ञात बदमाशों ने आग लगा दी। सुबह आटो जला हुआ देख चालक ने मामले की शिकायत माधवनगर थाने पहुंचकर दर्ज कराई।

नए कोर्ट भवन के सामने रहने वाला राजकिरण पिता भगवानदास चौधरी आटो चलता है। रविवार रात उसने आटो क्रमांक एमपी 13 आर 3563 घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह पड़ोसियों ने बताया कि आटो जली हुई है। राजकिरण ने आटो में काफी नुकसान होने पर मामले की शिकायत थाने पहुंचकर की। पुलिस ने मामला दर्ज कर क्षेत्र में लगे कैमरों के फुटेज खंगालना शुरु किये है।
खेत पर बना मकान भी जलाया

ग्राम इलियासखेड़ी में मुकेश परमार का खेत पर मकान बना हुआ है। रविवार-सोमवार रात अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। मुकेश आग लगने पर जाग गया था। उसने आग लगाने वाले को देखा तो उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मारपीट कर भाग निकला। भैरवगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। संभावना जताई गई है कि किसी से पुरानी रंजीश में आगजनी को अंजाम दिया गया है।

000000000000000000000000

लिफ्ट मांगने के लिये रोका और लूटकर ले गये बाइक

वारदात में बदमाशों के साथ शामिल थी महिला

उज्जैन, अग्निपथ। कानीपुरा मार्ग पर पैदल जा रहे 2 युवक और महिलाओं ने रविवार-सोमवार रात बाइक सवार को रोका और मारपीट कर बाइक लूटकर भाग निकले। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया है। चककमेड़ में रहने वाला मुकेश पिता बाबूलाल मालवीय रात 12 बजे घर से इंदिरानगर की ओर कानीपुरा मार्ग से होता हुआ आ रहा था। रास्ते में एक महिला और 2 युवक पैदल जा रहे थे। तीनों ने उसे लि ट मांगने के बहाने रोका। मुकेश ने बाइक रोकी तो उन्होने मारपीट शुरू कर दी। वह कुछ समझ पाता उसके सिर पर वजनी चीज से वार किया गया। वह बाइक से गिर पड़ा। दोनों बदमाश युवक और महिला उसकी बाइक लेकर भाग निकले। मुकेश ने मामले की सूचना भाई को दी। घटनास्थल पहुंचे भाई दिनेश ने उसे लहूलुहान देखा तो उपचार के लिये जिला अस्पताल ले गया। भाई की शिकायत पर मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है। विदित हो कि 3-4 दिनों पहले भी उंडासा क्षेत्र में रहने वाले युवक को रास्ते में तीन बदमाशों ने रोका था और लूटपाट का प्रयास किया था। युवक के पास कुछ नहीं मिलने पर चाकू से हमला कर भाग निकले थे। बदमाश बाइक पर सवार थे। जिसका पता अब तक पुलिस नहीं लगा पाई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कंजरों को आश्रय देने का आरोपी भंवर गांव कसारी से गिरफ्तार

Mon May 16 , 2022
नागदा, अग्निपथ। कंजरों को आश्रय देने वाले दूसरे आरोपी को पुलिस ने गांव कसारी से हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की चार बाईक जब्त की, जिसमें जूना नागदा, पाल्यारोड़, सुनीर नगर एवं नायन से चुराई गई बाईक शामिल है। कंजर गिरोह की मदद करने वाले […]