अभिभाषक संघ चुनाव: वाघेला ही रहेंगे अध्यक्ष, दूसरी प्रक्रिया में भी रहे निर्विरोध

21 अभिभाषक भी रहेंगे संघ का हिस्सा

बडऩगर, अग्निपथ। अभिभाषक संघ बडऩगर अध्यक्ष चुनाव को लेकर वुकीलों के दो धड़ो के बीच चल रहा घमासान सोमवार को शांत हो गया। मप्र स्टेट बार कौंसिल सदस्य प्रताप मेहता के हस्तक्षेप के बाद कैलाश वाघेला ही संघ के अध्यक्ष रहेंगे। हालांकि इसके लिए उन्हें दोबारा शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया में दोबारा नामांकन करना पड़ा और बाकी प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिये।

चुनाव को लेकर वकीलों के दो धड़ों में हुए विवाद को निपटाने के लिए स्टेट बार कोंसिल सदस्य मेहता सोमवार शाम बडऩगर पहुंचे। उन्होंने अभिभाषकों की बैठक लेकर मामले को समझा। इसके बाद सर्वानुमति से फैसला लिया गया कि मतदाता सूची से जिन 21 अभिभाषकों के नाम हटाये गये थे उनकी सदस्यता कायम रहेगी। वहीं अध्यक्ष कैलाश वाघेला ही रहेंगे।

ज्ञातव्य है कि इन 21 अभिभाषकों के नाम मतदाता सूची से हटाये जाने के चलते अभिभाषकों के एक धड़े ने विरोध जताते हुए मतदाता सूची में सभी नाम शामिल कर चुनाव कराने की मांग की थी। ऐसा नहीं करते हुए चुनाव प्रक्रिया जारी रखने पर इस धड़े ने अलग से अध्यक्ष चुनाव करने के प्रयास किये थे। इस बीच दूसरे धड़े ने कैलाश वाघेला को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया था। इसके बाद पहले धड़े ने स्टेट बार कौंसिल सदस्य मेहता के पाले में गेंद डाली थी व कहा था कि जो भी निर्णय इस बारे में वो देंगे मान्य होगा। इसके बाद मेहता बडऩगर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में हुई बैठक में मसला सुलझ गया।

इन्होंने नाम वापस लिये और वाघेला यहां भी निर्विरोध

वाघेला को अध्यक्ष निर्वाचित घोषित होने के बाद भी विरोधी धड़े की चुनावी प्रक्रिया सोमवार को भी बेधडक़ जारी रही। जिसमें नामांकन प्रस्तुति के अंतिम दिन सोमवार दोपहर 3 बजे तक चार नामांकन आए थे। जांच में चारों नामांकन जयेश आचार्य, कमलेश असावरा, अजय व्यास व दीपक चौहान के सही पाये गये है।

इसी दौरान शाम को स्टेट बार कौंसिल सदस्य मेहता पहुंचे। बैठक में सुलह के तहत वाघेला ने नई चुनाव प्रक्रिया में नामांकन पुन: प्रस्तुत किया। जिसके बाद चारों अभिभाषकों ने अपने नाम वापस ले लिए। अब 31 मार्च को अध्यक्ष वाघेला को अधिकृत रूप से निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने का प्रमाण पत्र प्रदान किया जावेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

45 दिनों से नाबालिग से कर रहा था दुष्कर्म, पुलिस ने गिरफ्तार कर लडक़ी को छुड़ाया

Mon Mar 28 , 2022
बडऩगर, अग्निपथ। खरसौद खुर्द से बहलाकर नाबालिग लडक़ी को नीमच ले जाकर 45 दिन तक दुष्कर्म करने के आरोपी एक युवक को इंगोरिया पुलिस ने नीमच से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से नाबालिग को बरामद कर पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस के मुताबिक इंगोरिया […]