आगर, अग्निपथ। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने 27 नवंबर 2026 को आगर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुम्भकार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जमीन के नक्शे में सुधार के एवज में मांगी गई रिश्वत की यह राशि कोटवार की पेंट की जेब से बरामद की गई।
मामले के अनुसार राम मालीपुरा, आगर निवासी शिकायतकर्ता आशुतोष चौहान ने 23 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनके बड़े पापा चिंतामण चौहान की जमीन के नक्शे में त्रुटि थी, जिसे सुधरवाने के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया गया था। जब आवेदक ने नक्शे में सुधार के लिए पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुम्भकार से संपर्क किया, तो दोनों ने काम के बदले 60 हजार रुपये की मांग की।
आरोप है कि उसी समय पटवारी और कोटवार ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये ले लिए थे। शेष राशि को लेकर हुई कार्रवाई के तहत आज लोकायुक्त दल ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दोनों को धर दबोचा। मौके से रिश्वत के नोट कोटवार संजय कुम्भकार की पहनी पेंट की जेब से बरामद किए गए और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफल रही ट्रैप कार्रवाई
यह कार्रवाई विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक संदीप राव कदम, आरक्षक उमेश जाटव और आरक्षक मोहम्मद इसरार शामिल रहे।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए लोकायुक्त ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
लोकायुक्त संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक, अधिकारी या कर्मचारी किसी शासकीय कार्य को करने के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो नागरिक बिना संकोच लोकायुक्त उज्जैन के शासकीय दूरभाष 0734-2512756 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
