सीएमएचओ डॉ. रघुवंशी ने नारायणा, कालूहेड़ा और पानबिहार के स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, बीएमओ को भी किया तलब
उज्जैन, अग्निपथ। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने निकले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी को औचक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणा बंद मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए पदस्थ मेडिकल ऑफिसर डॉ. भूपेंद्र चौधरी की अनुपस्थिति को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, संबंधित ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शोभना भाबर को भी तलब किया गया। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और ड्यूटी के प्रति उदासीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार को सीएमएचओ डॉ. रघुवंशी ने जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणा, उप स्वास्थ्य केंद्र कालूहेड़ा और आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 पानबिहार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, विभागीय रिकॉर्ड और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। नारायणा स्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की तथा कार्रवाई के निर्देश दिए।
गर्भवती महिलाओं की निगरानी के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन करने और निर्धारित समय पर उनकी आवश्यक जांचें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनकी नियमित निगरानी, फॉलोअप और समुचित उपचार किया जाए।
प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए, ताकि जरूरत पडऩे पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावा स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाने के निर्देश दिए गए।
योजनाओं में लक्ष्य पूर्ति पर जोर
सीएमएचओ ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने और परिवार कल्याण कार्यक्रम के स्थाई एवं अस्थाई साधनों के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और जिम्मेदारी से करें। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

