उज्जैन नगर निगम का कारनामा: यात्री प्रतीक्षालय को बना दिया बस स्टैंड, तोडऩे की मंजूरी भी दे दी

नगर निगम विशेष सम्मेलन

एमआईसी ने बिना पढ़े पास किया प्रस्ताव, सदन में सत्ता पक्ष के साथ प्रतिपक्ष ने भी लगा दी मुहर, अब बस स्टैंड तलाश रहे अधिकारी

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के एमआईसी और निगम सदन में प्रस्तावों को किस गंभीरता से पढ़ा और समझा जाता है, इसकी बानगी 3 नवंबर को आयोजित विशेष सम्मिलन में देखने को मिली। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत यात्री प्रतिक्षालय को ध्वस्त करने के प्रस्ताव को एजेंडे में बस स्टैंड तोडऩे की स्वीकृति के रूप में पेश कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि एमआईसी ने भी बिना गौर किए प्रस्ताव पास कर दिया और निगम सदन में सत्ता पक्ष के साथ प्रतिपक्ष ने भी इस पर अपनी सहमति की मुहर लगा दी।

अब स्थिति यह है कि निगम के अधिकारी स्वीकृत प्रस्ताव के आधार पर बस स्टैंड को तलाश रहे हैं, जबकि हकीकत में वहां बस स्टैंड है ही नहीं। जिस स्थान का उल्लेख प्रस्ताव में किया गया है, वहां यात्री प्रतिक्षालय बना हुआ है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब एमआईसी और निगम सदन में प्रस्ताव रखा गया, तब किसी जनप्रतिनिधि ने यह जानने की जहमत क्यों नहीं उठाई कि आखिर किस बस स्टैंड को तोडऩे की मंजूरी दी जा रही है।

दरअसल, 3 नवंबर को आयोजित निगम सदन के विशेष सम्मिलन में एजेंडे के बिंदु क्रमांक-10 में सिंहस्थ-2028 के अंतर्गत एमआर-2 मार्ग का नानाखेड़ा से देवास रोड तक उन्नयन कार्य में बाधक यूरिनल, पार्क एवं बस स्टैंड को ध्वस्त किए जाने की स्वीकृति का प्रस्ताव रखा गया था। इसमें 3 अक्टूबर 2026 को आयोजित मेयर इन काउंसिल की बैठक के ठहराव क्रमांक-106 पर विचार किया जाना था। ठहराव के बिंदु क्रमांक-5 में यात्री प्रतिक्षालय- अवंतिका होटल के सामने स्थित बस स्टैंड को तोडऩे का उल्लेख किया गया है।

जबकि वास्तविकता यह है कि अवंतिका होटल के सामने बस स्टैंड नहीं, बल्कि यात्री प्रतीक्षालय है। प्रस्ताव में यात्री प्रतीक्षालय का उल्लेख होना चाहिए था, लेकिन उसे बस स्टैंड लिख दिया गया। इसी त्रुटिपूर्ण उल्लेख के साथ एमआईसी ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके बाद निगम सदन में भी किसी ने इस विसंगति पर सवाल नहीं उठाया और प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हो गया। यहां तक कि प्रतिपक्ष के पार्षदों ने भी प्रस्ताव की बारीकियों को परखे बिना अपनी सहमति दे दी।

किसे तोडऩा है, अधिकारी भी पशोपेश में

निगम सदन से प्रस्ताव पारित होने के बाद अब अधिकारी इस उलझन में हैं कि आखिर किस बस स्टैंड को ध्वस्त किया जाना है। प्रस्ताव में बस स्टैंड लिखा होने के कारण यह भी सवाल उठ रहा है कि कहीं इसका संबंध देवासगेट बस स्टैंड से तो नहीं है। हालांकि, एमआईसी के मूल ठहराव में अवंतिका होटल के सामने स्थित यात्री प्रतिक्षालय का स्थान स्पष्ट है।

ऐसे में अधिकारियों के सामने भी प्रस्ताव के शब्दों और वास्तविक स्थिति के बीच तालमेल बैठाने की चुनौती खड़ी हो गई है। इस पूरे मामले ने एमआईसी और निगम सदन में प्रस्तावों की जांच-पड़ताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब जनप्रतिनिधि एजेंडे के प्रस्तावों को पढ़े और समझे बिना ही मंजूरी दे देंगे, तो गलतियों पर सवाल कौन उठाएगा? खास बात यह है कि इस मामले में सत्ता पक्ष के साथ प्रतिपक्ष भी अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बाइक और कार की आमने सामने भिड़ंत, युवक की मौत

Tue Nov 10 , 2026
टक्कर से एक युवक सडक़ किनारे कुएं में जा गिरा उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन-जावरा स्टेट हाईवे पर सोमवार रात सुहाग पड़वा के दौरान बेडावन्या गांव के पास बाइक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार युवक की […]

Breaking News