एएसआई की बेटी से प्रेम विवाह पड़ा भारी: पुलिस ने जमकर पीटा और पत्नी भी छीन ली, अब झूठे केस फंसाने की धमकी

मां-बहन को भी किया प्रताडि़त, पीडि़त युवक ने लगाई एसपी से गुहार

उज्जैन, अग्निपथ। देवास रोड़ स्थित गंगा विहार निवासी भीमराजसिंह राठौर ने चंद्रावती गंज थाने में पदस्थ एएसआई गोविंद चौहान पर परिवारजनों के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। राठौर के अनुसार उसने गोविंद चौहान की बेटी से प्रेम विवाह किया जिससे नाराज होकर अब वह बलात्कार एवं अपहरण के झूठे केस में फसाने की धमकी दे रहा है, साथ ही पत्नी शीतल को भी जान से मारने की धमकी दी।

भीतराजसिंह राठौर ने बताया कि उसने शीतल पिता गोविंद चौहान निवासी आदर्श नगर देवास रोड़ उज्जैन से हिंदू रीति रिवाज से चिंतामण गणेश मंदिर में विवाह किया था। जिसे शीतल के पिता द्वारा स्वीकार नहीं किया गया और भीमराज राठौर के साथ मारपीट की तथा शीतल को घर में कैद कर लिया। वहीं शीतल की इच्छा के बिना उसकी शादी दूसरी जगह करने के प्रयास किये जाने लगे, जब विरोध किया तो मारपीट की गई।

भीमराज ने बताया कि परेशान होकर शीतल और मैं 29 जुलाई 2022 को शहर छोडक़र चले गए। साथ ही एक आवेदन नागझिरी थाने में भी दे दिया जिसमें कहा गया कि हम दोनों बालिग हैं और साथ रहना चाहते हैं। लेकिन 29 जुलाई को ही शीतल के पिता गोविंद व फूफा महेश सोलंकी पुलिस की वर्दी में मेरे घर आ गए एवं रात भर गाली गलौच करते हुए मेरे खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की धमकी देते रहे।

नागझिरी थाने में आवेदन देने के बावजूद शीतल के पिता की शिकायत पर 30 जुलाई को हमारे खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई और मेरी मां व बहन को पकडक़र ले गए, थाने पर प्रताडि़त कर दिनभर बैठाये रखा। यहां शीतल के पिता द्वारा पूरे दिन गाली गलौच एवं अभद्रता की जाती रही। 3-4 दिन तक थाने पर मां व बहन को प्रताडि़त किया गया, उनका मोबाईल भी थाने पर जब्त रखा गया। 7 अगस्त 2022 को पुलिस मुझे व शीतल को पकडक़र थाना नागझिरी लेकर आ गए।

शीतल के पिता गोविंद, फुफाजी महेश सोलंकी व नागझिरी थाने के पुलिसकर्मी दिनेश भाट, खान साहब व अन्य पुलिसकर्मी द्वारा मेरे साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट एवं गाली गलौच की गई एवं शीतल को मुझसे अलग कर दिया गया जबकि शीतल ने बयान में कहा कि वह मेरे साथ रहना चाहती है। इसके बावजूद पुलिस ने मेरे साथ भेजने की बजाए 7 अगस्त को शीतल को वन स्टॉप सेंटर ऋषिनगर में भेज दिया एवं मेरे साथ रात तक मारपीट की और रात 9 बजे थाने से छोड़ दिया।

मैं जब वन स्टॉप सेंटर गया तो पत्नी से मिलने नहीं दिया और शीतल को उसकी बुआ एवं भाभी के सुपुर्द कर दिया। जब शीतल से मिलने का प्रयास किया तो पिता गोविंद ने धमकी दी कि यदि शीतल से किसी भी प्रकार से संपर्क किया तो मुझे जान से मार देंगे, किसी भी झूठे प्रकरण में फंसाकर मेरा जीवन बर्बाद कर देंगे।

शीतल को भडक़ाकर मुझे फंसवा देंगे। एसपी को दिये आवेदन में भीमराज ने कहा कि उसे डर है कि शीतल ने पिता गोविंद की बात मानकर दूसरा विवाह नहीं किया तो गोविंद चौहान उसे सल्फास खिलाकर जान से मार देगा। एसपी से मांग की कि गोविंद चौहान, महेश सोलंकी तथा साथी पुलिसकर्मी के खिलाफ उचित और त्वरित कार्रवाई की जाए तथा मेरी पत्नी को उनके चुंगल से मुक्त कराया जाए। साथ ही मेरे परिवार के विरूध्द किसी भी प्रकार की कोई असत्य कार्यवाही के पहले निष्पक्ष जांच की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राजू श्रीवास्तव के लिए महाकाल मंदिर में महामृत्युंजय मंत्र का जाप

Sat Aug 20 , 2022
गर्भगृह में फोटो रख की लंबी उम्र की कामना उज्जैन, अग्निपथ। कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के फैन उज्जैन में भी उनकी लंबी उम्र के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं। महाकाल मंदिर और आगर रोड स्थित राम रामेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार को राजू के लिए महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया गया। […]