बाबा महाकाल के पास से दर्शन नहीं होने पर श्रद्धालुओं में आक्रोश

सावन भस्म आरती

कहा- सामान्य लोगों को भी निकट जाने का मिलना चाहिये मौका, दर्शन के बाद मायूस नजर आये

उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दूर दूर से भगवान महाकाल के दर्शन को तो आ रहे हैं लेकिन दर्शन के बाद अधिकांश मायूस नजर आ रहे हैं। कई अपनी बात बता नहीं पा रहे इसलिये चुप हैं, लेकिन वीडियो में अपने दिये गये बयान में उन्होंने स्पष्ट रूप से भगवान महाकाल के दर्शन एक तरह से नहीं होना बताया है। उनका कहना है कि पैसों से ही पूरा मंदिर चल रहा है। दूसरे ज्योतिर्लिंगों में पास से दर्शन करने की व्यवस्था है तो फिर महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के इतनी दूर से दर्शन क्यों करवाये जा रहे हैं।

सोमवार को महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद दैनिक अग्निपथ ने बाहर से आये कुछ श्रद्धालुओं से दर्शन की प्रतिक्रिया चाही तो उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया कि बाबा महाकाल के इतनी दूर से दर्शन करवा रहे हैं, वह स्पष्ट रूप से दिखाई ही नहीं देते। महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को कम से कम भगवान महाकाल के निकट से दर्शन तो हो जायें। ऐसी व्यवस्था जुटायी जाना चाहिये।

यह पीड़ा हैदराबाद निवासी रवि मौर्या की है। जोकि अपनी पत्नी के साथ भगवान महाकाल के दर्शन के लिये आये थे। उनका कहना था कि अन्य ज्योतिर्लिंगों के पास से दर्शन करवाये जाते हैं, लेकिन यहां पर दर्शन करने के लिये उनसे 1500 रु. मांगे जा रहे हैं। दूसरी ओर निर्माल्य गेट पर लगे काउंटर से अन्नक्षेत्र भोजन प्रसादी की पर्ची लेने गये तब तक पर्ची की सीमा समाप्त होने पर उनको नहीं दी गई।

दूसरी घटना नंदीहाल रैम्प पर लगे गेट पर खड़ी अहमदाबाद निवासी एक महिला ने अपने साथ आई वृद्धा की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनको पास से भगवान महाकाल के दर्शन करना हैं। लेकिन दूर से दर्शन करवा दिये गये। भगवान महाकाल सही तरह से दिखाई भी नहीं दिये। वह दर्शन के लिये 1500 रु. खर्च करने के लिये भी तैयार थी और रुपये उसने अपने हाथ में निकाल लिये और कहा कि रसीद बना दो।

ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि भगवान महाकाल के पास से दर्शन नहीं मिलने पर श्रद्धालु किस कदर आक्रोशित नजर आ रहे हैं। एक काउंटर मंदिर प्रांगण में भी लगाया जाना चाहिये, ताकि यहां से टिकट खरीद कर कम से कम श्रद्धालु टिकट से तो भगवान महाकाल के पास से दर्शन कर ले।

बड़ा प्रश्न: आम आदमी को कब कराओगे नजदीक से दर्शन

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने 1500 रु. विशेष दर्शन टिकट से पास अर्थात गर्भगृह से भगवान महाकाल का जलाभिषेक और दर्शन की व्यवस्था कर रखी है। अनलिमिटेड टिकट काटे जाने के निर्देश भी दे दिये हैं। यह सब तो ठीक, लेकिन असली प्रश्न तो यह उठता है कि सामान्य श्रद्धालुओं को भगवान महाकाल के निकट से दर्शन कब होंगे। महीनों हो गये सामान्य श्रद्धालुओं को गर्भगृह से दर्शन किये हुए। मंदिर प्रबंध समिति चाहे तो कम से कम 1500 के टिकटधारियों के साथ साथ नंदीहाल से भगवान के पास से दर्शन करवा सकती है। गणपति मंडपम में लाइन चलाते हुए बेरिकेड्स लगाकर प्रतिदिन उनको नंदी के पीछे बेरिकेड्स लगाकर यहां के रैंप से बाहर कर सकती है। ऐसे में नंदीहाल से दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिल जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भारत जोड़ो यात्रा : राहुल गांधी 28 को इंदौर में, उज्जैन में 30 को सभा

Mon Nov 14 , 2022
इंदौर/उज्जैन अग्निपथ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश में 20 नवंबर को आ जाएगी। छह जिलों में करीब 399 किलोमीटर का सफर तय करेगी। 5 दिसंबर को यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। मध्यप्रदेश में बुरहानपुर से यात्रा की शुरुआत 23 नवंबर से होगी। यात्रा […]