देवास, अग्निपथ। प्रदेश में औद्योगिक विकास का नया दौर शुरू हो चुका है और जबलपुर से देवास होते हुए इंदौर तथा उज्जैन तक औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह घोषणा 27 नवंबर 2026 को देवास में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में की। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के विकसित होने से देवास में औद्योगिक विस्तार के लिए भूमि की उपलब्धता से जुड़ी समस्या का समाधान होगा।
देवास के निकट देश का पहला डीप टेक रिसर्च पार्क और आधुनिक प्रयोगशाला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने और औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर कदम उठा रही है। उद्यमियों के उत्पादों की गुणवत्ता तथा मानकों की जांच के लिए आधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही, देवास के पास देश का पहला डीप टेक रिसर्च पार्क भी विकसित हो रहा है, जिससे उद्योगों को अनुसंधान और आधुनिक तकनीक का लाभ मिल सकेगा।
औद्योगिक पार्कों में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के प्रावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक पार्कों में अब आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों के प्रावधान भी किए जा रहे हैं। इससे इन क्षेत्रों में फाइव स्टार होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान तथा श्रमिकों के आवास जैसी सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। बिजली, पानी और सड़क सहित तमाम जरूरी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्यमी, युवा और किसान आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की मजबूत तस्वीर हैं तथा देवास के उद्यमियों ने अपने परिश्रम और नवाचार से स्थानीय संसाधनों को रोजगार व व्यवसाय के अवसरों में बदला है।
संवाद में उठे मुद्दे, एक सप्ताह में भूमि आवंटन समस्या हल करने के निर्देश
उद्यमियों से संवाद के दौरान अशोक खंडेलिया ने बताया कि देवास में 1 हजार 100 से अधिक उद्योग संचालित हैं और उन्होंने अनुमति प्रक्रिया के सरलीकरण की सराहना की। विपिन जैन ने भूमि व पानी की व्यवस्था, अमरजीत सिंह खनूजा ने आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन तथा मनीष ने पानी की समुचित उपलब्धता और बैंक ऋण प्रक्रिया सरल बनाने पर जोर दिया। दीपक लालवानी ने पशुओं को हानिकारक सामग्री खिलाने पर रोक और एनिमल फीड गुणवत्ता जांच प्रयोगशाला के लिए कहा, जिस पर मुख्यमंत्री ने जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए। अनिल माहेश्वरी द्वारा भूमि आवंटन की समस्या रखने पर मुख्यमंत्री ने जिला उद्योग अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, देवास विधायक गायत्री राजे पवार, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, बागली विधायक मुरली भंवरा और सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित थे।

