करोड़ों की ठगी के आरोपी आनंद भटोल व पत्नी की खोज में जुटा आंजना समाज ठगोरे दंपत्ति की गिरफ्तारी पर 50 लाख का ईनाम

पीडि़त पक्ष देगा ईनाम की राशि, इंदौर में भी लगाई 6 करोड़ की चपत, महिलाओं ने गहने बेचकर 25 लाख दिए

उज्जैन,अग्निपथ। आंजना समाजजनों के साथ हुई करीब 20 करोड़ की ठगी का मामला दैनिक अग्निपथ में प्रकाशित होते ही शुक्रवार को बवाल मच गया। पीडि़तों ने आरोपी पर इंदौर में भी 6 करोड़ ठगने का दावा कर उसे पकड़ाने वाले को 50 लाख रुपए देने की घोषणा कर दी। दूसरी ओर घटना में आरोपी के वकील भाई को भी लिप्त बताने पर अभिभाषक संघ ने एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल को ज्ञापन देकर जांच कि मांग की।

मालनवासा निवासी आनंद भटोल, उसकी पत्नी कविता, पिता मांगीलाल भाई वकील धर्मेंद्र पर समाजजनों के करोड़ों रुपए ठगने के आरोप है। आनंद के पत्नी सहित भागने और मामला नानाखेड़ा थाने पहुंचने पर शुक्रवार को दैनिक अग्निपथ ने तथ्यात्मक खबर प्रकाशित की थी। पता चलते ही बसंत विहार निवासी पीडि़त मनीष आंजना, अमन व मऊ के ओमप्रकाश थाने पहुंचे।

बताया कि उन्होंने आनंद को 1.16 लाख रुपए बैंक के माध्यम से दिए है। परिचितों द्वारा दिए 9 करोड़ का बैंक रिकार्ड व पुलिस को सौंप चूके है। आरोप लगाया कि रुपए देने के लिए धर्मेंद्र ने भी काल किए, जिसका रिकार्ड उनके पास है। यह भी दावा कि आनंद इंदौर और उज्जैन के 10 गांव में 60 करोड़ की चपत लगाकर भागा है इसलिए उसे पकडऩे वाले को समाज 50 लाख रुपए ईनाम देगा।

किस गांव को कितने की चपत

भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष और सीएम शिवराज सिंह चौहान के अंदाज में बात के लिए चर्चित मनीश ने बताया आनंद समाज को होने के फायदा उठाकर आंजना बाहुल गांवों को टार्गेट किया। वह इंदौर के ग्राम नवादा से 60 लाख, बोरखेड़ी 1.50 करोड़, चौरडिय़ा 3 करोड़,आंबा चंदन 30 लाख और मऊ से 35 लाख ठगकर गया। उज्जैन के ब्रजराजखेड़ी से 70 लाख, हकला 2 करोड़, कनवासा 95 लाख और तालोद के लोगों को भी 1 करोड़ की चपत लगाई। इसमें नकद देने वालों के रकम जोड़े तो राशि 60 करोड़ से अधिक जाएगी।

जवासिया की महिलाओं के बिके गहने

मनीष और अमन आंजना के मुताबिक आनंद ने ठगी के लिए वाट्सअप पर जुड़े समाजजनों को प्रति सप्ताह 20 फीसदी लाभ देने की पोस्ट डाली। शुरू में लोगों ने 25-50 हजार दिए तो उसने ग्रुप पर ही उनसे ली राशि और दिए गए लाभ की जानकारी दी। इस कारण भरोसा होने पर कुछ लोगों ने तो उधार रुपए लेकर दिए। उन्होंने भी दूसरों के रुपए लगवाए। ग्राम चिंतामण जवासिया की कई महिलाओं ने तो जेवरात बेंचकर आनंद को करीब 25 लाख रुपए दिए।

आरोपी के भाई के पक्ष में वकील उतरे, एसपी को दिया ज्ञापन

ठगी में आनंद के वकील भाई धर्मेंद्र और पिता के खिलाफ हुई शिकायत का जिला अभिभाषक संघ ने विरोध किया। संघ अध्यक्ष अशोक यादव, सचिव प्रकाश चौबे ने साथियों के साथ दोपहर में एसपी शुक्ल को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की।

धर्मेंद्र ने बताया कि आनंद उनसे अलग रहता था। बावजूद घटना में उसका और पिता का नाम जबरन जोडक़र परेशान किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने ठगी के आरोपों को भी झूठा बताया है। शाम को पीडि़तों ने भी एसपी से मिलकर घटना के प्रमाण सौंपे और आनंद और उसके परिवार पर केस दर्ज करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

96 लाख के भुगतान पर नगर निगम में घमासान

Fri Jun 18 , 2021
आयुक्त ने मौखिक निर्देश दिए, अपर आयुक्त ने डाल दी टीप उज्जैन, अग्निपथ। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के अंतर्गत उज्जैन शहर में हुए कार्यो के भुगतान से जुड़ी फाइलों पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। करीब 96 लाख रुपए के भुगतान से जुड़े इस मामले में अपर आयुक्त […]