कांग्रेस वर्किंग कमेटी बैठक: आवाज उठी, अब नेता अपने समर्थकों को आंदोलन में लेकर आएं

  • जिस नेता के जितने समर्थक होंगे, उससे उसकी ताकत का आंकलन किया जाएगा
  • महंगाई के खिलाफ अब उज्जैन में कांग्रेस जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी

उज्जैन, अग्निपथ। अब उज्जैन के आम कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पूछ परख बढऩे वाली है। क्योंकि अब कांग्रेस के जो भी आंदोलन होंगे, उसमें नेताओं को अपने-अपने समर्थकों को लेकर आना होगा। पार्टी के नेता इनकी संख्या के हिसाब से उनकी ताकत और हैसियत का आंकलन करेंगे।

यह लब्बोलुआब है उज्जैन कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की बैठक का। शनिवार को लंबे समय बाद कांग्रेस कार्यालय आयोजकों की उम्मीद से ज्यादा कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता पहुंचे थे। बैठक को वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण पंवार, पूर्व विधायक बटुकशंकर जोशी, कांग्रेस शहर अध्यक्ष महेश सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष रवि राय, चेतन यादव आदि ने संबोधित किया। पंवार ने कहा, अब समय आ गया है कि कांग्रेस आम जनता की परेशानी के लिए सडक़ पर आंदोलन करे और उसकी समस्या से निजात दिलाने के लिए राज्य और केंद्र सरकार को मजबूर करे।

सोनी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में महंगाई के खिलाफ आंदोलन करने के विचार पर सुझाव मांगा था। इस पर बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे के खिलाफ आंदोलन करने पर सहमति जताई। सबने जेल भरो आंदोलन में बढ़-चढक़र भाग लेने का आश्वासन दिया। नेताओं को कहा गया है कि अपने-अपने समर्थकों को लेकर आंदोलन में शामिल हों। अभी तक जितने आंदोलन हुए उसमें ज्यादातर नेता ही शामिल हुए हैं। ऐसे बहुत कम नेता हैं जिनके समर्थक आंदोलन में शामिल हुए हैं। बैठक में अंजू जाटवा, पुरुषोत्तम कहार, शिव लश्करी, तबरेज खान, कैलाश बिसेन, वरुण शर्मा, सुनील कछवाह, पूर्व पार्षद सपना सांखला आदि मौजूद थे।

युवक कांग्रेस का 14 को सांकेतिक धरना-प्राचीन धरोहरों को हटाए जाने के विरोध में युवक कांग्रेस शहर में 14 जून को सांकेतिक धरना देगी। उक्त जानकारी युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भरत शंकर जोशी ने दी है।

चार से पांच हजार कार्यकर्ता जायेंगे जेल

कांग्रेस आलाकमान ने शहर में महंगाई के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद स्थानीय नेताओं ने चार से पांच हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जेल भरो आंदोलन में शामिल होने की योजना बनाई है। यह कई सालों बाद होगा जब उज्जैन में इतनी बढ़ी संख्या पर जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि 54 वार्ड से 100 कांग्रेस कार्यकर्ता भी अगर आंदोलन में शामिल हो जाते हैं तो यह लक्ष्य पूरा हो जाएगा।

अब जिले के पदाधिकारियों की बैठक

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शहर के कांग्रेस नेताओं की बड़े आंदोलन पर सहमति मिलने के बाद अब जिले के पदाधिकारियों की कोर कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें विधायक भी शामिल होंगे। इस बैठक में आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी। इसी के आधार पर आंदोलन की तारीख तय की जाएगी। इसके बाद आंदोलन किया जाएगा। हालांकि अधिकांश नेताओं को आंदोलन से जुड़े तथ्यों से अवगत करा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अब वाट्सएप पर हो सकेगी घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग

Sat Jun 12 , 2021
मोबाइल नंबर 1800224344 को अपने फोन पर गैस बुकिंग के नाम पर करना होगा सेव उज्जैन। वाट्सएप एप पर अब घरेलू गैस की बुकिंग हो सकेगी। वहीं की पेड वाले मोबाइल से मिस कॉल करने पर गैस की बुकिंग हो जाएगी। यह सुविधा भारत गैस के उज्जैन जिले के 14 […]