खेत में बकरी घुसी तो वृद्ध को कुल्हाड़ी व लाठी से पीटकर मार डाला

माकड़ोन में हुई घटना,10 लोगों पर केस दर्ज, आरोपी गिरफ्त से दूर

उज्जैन, माकड़ोन, अग्निपथ। माकड़ोन में खेत में बकरी घुसने पर 10 लोगों ने एक वृद्ध की कुल्हाड़ी व लाठी से हमलाकर जघन्य तरीके से हत्या कर दी। सोमवार दोपहर हुई घटना में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया, लेकिन रात तक आरोपी गिरफ्त में नहीं आ सके।

पुलिस के मुताबिक माकड़ोन से करीब 6 किमी दूर रामचंद्र पिता मांगीलाल गुर्जर (60) बकरी चराता है। सोमवार को उसकी बकरी ग्राम काका-बाका खेड़ा में अंबाराम,भगवान आदि के खेत में चरने चली गई। इस बात पर विवाद होने पर दोपहर करीब 1 बजे अंबाराम सहित 10 लोगों ने रामचंद्र पर लाठी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में घातक चोट आने के कारण रामचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही तराना एसडीओपी आर.आर. अवास्या, एफएसएल अधिकारी प्रीति गायकवाड़, टीआई अशोक शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बाद में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मृतक के परिजनों की ओर से आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज करवाया गया। पुलिस ने उनकी खोजबीन की, लेकिन रात तक उनका सुराग नहीं मिल सका।

बदले के लिए हत्या

बताया जाता है विवाद होने पर पहले मृतक रामचंद्र के परिजनों ने एक आरोपी के साथ मारपीट की थी। इसी का बदला लेने के लिए आरोपी इकट्ठा हुए और उन्होंने रामचंद्र को अकेला पाकर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रामचंद्र के हाथ पैर सात जगह से तोडऩे के बाद कुल्हाड़ी से मारा है।

इनका कहना है

बकरी खेत में घुसने की बात पर विवाद होने पर करीब 10लोगों ने वृद्ध की हत्या कर दी। प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को तलाश रहे हैं। – अशोक शर्मा, टीआई माकड़ोन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

निगम के काम नहीं लेंगे ठेकेदार; भुगतान के लिए असहयोग आंदोलन

Mon Nov 8 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के ठेकेदार अब नगर निगम का कोई भी नया टेंडर नहीं लेंगे। स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले होने वाले काम से भी ठेकेदारों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। इसके अलावा ठेकेदारों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि अधिकारी नए काम शुरू कराने के […]
नगर निगम

Breaking News