छत्रीचौक के सरकारी अस्पताल की जगह बनेगा चूड़ी मार्केट

नगर निगम

छत्रीचौक की पानी की टंकी की जगह पर बनाएंगे फल मार्केट

उज्जैन, अग्निपथ। छत्रीचौक पर बने सरकारी क्लिनिक की जगह पर आने वाले समय में महिलाओं के चूड़ी व महिला प्रधान मार्केट बनाया जाएगा। इसके अलावा छत्रीचौक स्थित पानी की टंकी को भी हटाकर रिक्त जगह पर फल मार्केट का निर्माण होगा। बुधवार को महापौर मुकेश टटवाल ने इसके लिए अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने को कहा है।

पुराने शहर में बदलाव लाने के लिए महापौर मुकेश टटवाल अक्सर अधिकारियों के साथ अलग-अलग जगहों पर भ्रमण करते रहते है। बुधवार को भी महापौर पुराने शहर में भ्रमण पर निकले। महापौर ने छत्रीचौक पर रोगी कल्याण समिति द्वारा संचालित क्लिनिक और पानी की टंकी वाली जगह देखी। महापौर ने क्लिनिक वाली जगह पर महिलाओं से संबंधित दुकानों का मार्केट बनाने की योजना तैयार करने को कहा है। महापौर मुकेश टटवाल ने तेलीवाड़ा क्षेत्र का भी निरीक्षण करते हुए निगम अधिकारियों को तेलीवाड़ा से माधव गौ-शाला तक सडक़ के अतिक्रमण हटाकर इस हिस्से को चौड़ा करने की कार्ययोजना बनाने को कहा है।

एसपी से मुलाकात करने पहुंचे महापौर

उज्जैन, अग्निपथ। कार्तिक मेला मैदान में 4 से 10 अप्रैल के बीच होने वाली शिव महापुराण कथा के आयोजन से पहले से बुधवार को महापौर मुकेश टटवाल व आयोजन समिति के अन्य सदस्यों ने एसपी से मुलाकात की है। आयोजकों ने एसपी से मुलाकात के दौरान उन्हें आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा से अवगत कराया। बुधवार दोपहर महापौर मुकेश टटवाल, महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी दिलीप गुरू, पार्षद प्रकाश शर्मा, सत्यनारायण चौहान आदी एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला से मुलाकात करने उनके ऑफिस पहुंचे।

महापौर मुकेश टटवाल ने बताया कि सिहोर वाले प. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से होने वाली शिवमहापुराण के आयेाजन के लिए 30 एकड़ में पांडाल का निर्माण किया जाएगा। इस कथा में हर रोज 4 से 5 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि कथा के आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती रहेगी।

कथा स्थल से 500 मीटर के दायरे में वाहनों की पार्किंग के लिए भी स्थल चयन किया गया है। शुक्रवार को कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं का रिव्यू करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भैरवगढ़ जेल के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन

Wed Mar 15 , 2023
अधीक्षक को हटाने की मांग उज्जैन, अग्निपथ। केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के अधीन काम करने वाले 100 से ज्यादा कर्मचारियों के साथ हुई लगभग 13 करोड़ की ठगी के मामले में बुधवार को कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जेल गेट के बाहर कांग्रेस नेताओ व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की साथ ही […]