तराना में कट रही अवैध कॉलोनी, ठगे जा रहे लोग

जनसुनवाई में आई शिकायत

उज्जैन, अग्निपथ। कलेक्टर आशीष सिंह ने मंगलवार को बृहस्पति भवन में सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की। तराना निवासी कल्याण सिंह तोमर पिता कृष्णपाल सिंह तोमर ने आवेदन दिया कि तराना में अवैधानिक तरीके से कृषि भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कॉलोनी काटकर आम जनता से ठगी की जा रही है। कॉलोनाइजर द्वारा बिना किसी टीएनसी डायवर्शन और स्वीकृत नक्शे के कृषि भूमि पर प्लॉट काटे जा रहे हैं। इस पर एसडीएम तराना को मामले की जांच करने के निर्देश दिये गये।

राजीव नगर आगर रोड निवासी सीमा श्रीवास पिता प्रेमराज श्रीवास ने आवेदन देकर शिकायत की कि उन्होंने एक व्यक्ति से शालीमार परिसर अहमद नगर के पास एक भूखण्ड क्रय किया था तथा तीन किश्तों में उक्त व्यक्ति को भुगतान किया था। व्यक्ति को पूरा पैसा देने के बावजूद उसके द्वारा प्लॉट की रजिस्ट्री करवाई जाने पर आनाकानी की जा रही है। इस पर नगर पालिक निगम आयुक्त को मामले की जांच करने के निर्देश दिये गये।

संबल योजना में मदद करें

ग्राम बेरछा तहसील नागदा निवासी भेरूलाल पिता मोहनलाल ने आवेदन दिया कि वे मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। उनकी पत्नी तथा उनका पंजीयन संबल योजना के अन्तर्गत किया जा चुका है। कुछ समय पहले उनकी पत्नी की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उन्हें संबल योजना के तहत सहायता राशि उपलब्ध करवाई जाये। इस पर सीईओ जनपद पंचायत नागदा-खाचरौद को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।

पीएफ की राशि में हेरफेर

राघवी महिदपुर निवासी अर्जुन सूर्यवंशी पिता भागीरथ सूर्यवंशी ने आवेदन दिया कि वे बीते पांच सालों से एक स्थानीय निजी हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर काम कर रहे थे। उनका सन 2018 से पीएफ भी कट रहा था, जिसकी राशि 80 हजार रुपये हो चुकी है। अस्पताल प्रशासन के द्वारा उनके पीएफ की राशि केवल 52 हजार रुपये ही बताई जा रही है। आवेदक दो साल पहले अस्पताल से काम छोड़ चुके हैं लेकिन पीएफ की राशि देने में अस्पताल द्वारा टालमटोल की जा रही है। इस पर सीएमएचओ को मामले की जांच करने के निर्देश दिये गये।

निजी आवास में आरओ प्लांट की शिकायत

हरसिद्धि विहार देवास रोड निवासी जगदीशचंद्र व्यास पिता स्व.नंदकिशोर व्यास ने आवेदन देकर शिकायत की कि उक्त कॉलोनी में एक निजी आवास के मालिक द्वारा पिछले दो साल से आरओ वाटर प्लांट व्यावसायिक प्रयोजन के लिये संचालित किया जा रहा है। इस प्लांट के कारण लगातार भूजल स्तर कम हो रहा है। कॉलोनी के रहवासियों के नलकूप में इस वजह से पानी कम आने लगा है और गर्मी के दिनों में काफी परेशानी हो रही है। अत: सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जाये। इस पर ब्लॉक आफिसर नगर निगम को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।

विधवा को बेघर कर रहे ससुरालवाले

गीता कॉलोनी बुधवारिया निवासी पायल कंवल ने आवेदन दिया कि उनके पति की मृत्यु कोरोना महामारी से हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद उनके ससुराल वाले उन्हें घर से बाहर निकालना चाहते हैं। अत: सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जाये। इस पर प्रभारी अधिकारी राहत शाखा को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

मोबाइल टावर से परेशानी

विवेकानन्द कॉलोनी ए सेक्टर में रहने वाले निवासियों ने शिकायत की कि कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने नगर निगम के निर्देशों का पालन न करते हुए उनके निवास पर मोबाइल टॉवर लगवाया है। इससे निकलने वाली रेडिएशन मानव स्वास्य्म के लिये अत्यन्त नुकसानदायक है। अत: सम्बन्धित व्यक्ति द्वारा किये जा रहे मोबाइल टॉवर के निर्माण को तत्काल रोका जाये। इस पर नगर निगम उज्जैन को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर द्वारा इसी प्रकार अन्य मामालें में जनसुनवाई की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर अवि प्रसाद, एडीएम श्री संतोष टैगोर तथा अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

ग्रांड होटल के मामले में पूर्व सीएम की इंट्री: दिग्विजयसिंह ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र, कहा- बिकने से रोके

Tue Mar 29 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। फ्रीगंज स्थित ग्रांड होटल को नगर निगम द्वारा बेचे जाने की जानकारी सामने आने के बाद इस पर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को हाल ही में एक पत्र लिखा है। इस पत्र में दिग्विजय सिंह […]