निगम परिसर के पूल में डूबा 15 साल का बच्चा

डूबा

घटना के बाद पूल पर कर दी गई तालाबंदी, बाहर इंतजार करते रहे लोग

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम परिसर में बने स्वीमिंग पूल में बुधवार की शाम 15 साल उम्र के एक बालक की डूबने से मौत हो गई है। इस हादसे के बाद स्वीमिंग पूल पर तालाबंदी कर दी गई, पूल के प्रभारी ने भी अपना फोन बंद कर लिया। दूसरी शिफ्ट में नहाने वाले कई लोग बाहर इंतजार करते रहे लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया।

स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा करीब 11 करोड़ रूपए की लागत से बनाए गए ओलंपिक साईज पूल सह स्पोर्ट्स कांप्लेक्स को कुछ महीने पहले ही नगर निगम को हस्तांतरित किया गया है। शुरूआत में उद्यान विभाग द्वारा इसका संचालन किया गया, करीब 1 महीने पहले आयुक्त अंशुल गुप्ता ने पूल का संचालन राजस्व एवं अन्यकर विभाग को सौंप दिया था।

मृतक तनवीर
मृतक तनवीर

राजस्व एवं अन्यकर विभाग के लिपिक धीरज श्रीवास्तव को पूल का प्रभारी बनाया गया था। पूल में नगर निगम के ही दो कर्मचारी लाइफ गार्ड के रूप में तैनात है। बुधवार की शाम 4 से 4.45 बजे की शिफ्ट में कई सारे बच्चे पूल में नहा रहे थे। इस दौरान 4-5 बच्चों ने आपस में शरारत करना शुरू कर दिया। लाईफ गार्ड ने इन्हें टोका भी लेकिन बच्चें नहीं माने। लगभग 4.30 बजे इनमें से एक बच्चा पानी में डूब गया।

उसे जैसे ही पूल से बाहर निकाला गया, उसे तत्काल ही जिला अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच दोस्तों ने उसके परिवार को सूचना दे दी। बच्चें का शव पोस्टमार्टम रूम में रखा जाता इससे पहले ही उसके परिवार के लोग शव को अपने साथ घर ले गए।

पुलिस को करना पड़ी मशक्कत

स्वीमिंग पूल में मौत का शिकार हुए बच्चें का नाम तनवीर एहमद पिता परवेज उम्र 15 साल निवासी यादव नगर के रूप में सामने आया है। पूल में बच्चें के डूबने की सूचना पर कोतवाली थाने के पुलिसकर्मी जिला अस्पताल पहुंचे। यहां पता चला कि बच्चें के परिजन उसका शव यादव कॉलोनी स्थित घर पर ले गए है। पुलिसकर्मी तनवीर एहमद के घर पर पहुंचे। परिवार के लोगों से बात की, वे लोग शव का पोस्टमार्टम कराने को राजी नहीं थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाईश दी और जैसे-तैसे शव को पोस्टमार्टम रूम तक पहुंचवाया।

पूल में की तालाबंदी-बच्चें के पानी में डूबने की घटना के बाद पूल प्रभारी ने तैराकी कर रहे बच्चों को बाहर निकाल दिया था। पूल पर तैनात कर्मचारियों और प्रभारी ने खुद को भीतर बंद कर लिया था। बाहर 5 बजे वाली शिफ्ट के कई लोग जमा थे, इनके लिए भी दरवाजा नहीं खोला गया। तनवीर के दोस्त अंकित शर्मा ने बताया कि उसे भी पूल में रोक लिया गया था। करीब 1 घंटे बाद पीछे के रास्ते से उसे बाहर निकाला गया।

आयुक्त ने दिये जांच के आदेश

नोडल अधिकारी स्वीमिंग पूल द्वारा दी गई जानकारी अनुसार स्वीमिंग पूल पर बुधवार को शाम 04 बजे की पुरूष शिफ्ट में 30 व्यक्ति तैराकी के लिये उपस्थित थे जिनमें से 3 युवक जो तैराकी करना जानते थे उनके द्वारा पूल में तैराकी की जा रही थी। उनमे से एक लडक़ा तनवीर जो की साप्ताहिक पास बनवाकर विगत कुछ दिनों से तैराकी हेतु स्वीमिंग पूल में आ रहा था, वह अचानक पानी में नीचे की ओर गहराई में जाने लगा जिसे मौजुद लाइफ गार्डों द्वारा तत्काल पूल में से बाहर निकाला गया और उसे जीवन रक्षक उपचार देकर सांस दी गई । बुधवार को स्वीमिंग पूल में हुई इस घटना को तत्काल संज्ञान में लेते हुए आयुक्त द्वारा घटना की सम्बंधितों को जांच कर रिर्पोट देने हेतु निर्देश दिये गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बिनोद मिल के हर मजदूर को मिलेंगे 2 से 4 लाख रुपए

Wed May 11 , 2022
रंग लाया 31 साल का संघर्ष, जल्द बंटने लगेगी बकाया राशि उज्जैन, अग्निपथ। बिनोद मिल में काम करने वाले 4 हजार 353 मजदूरों और उनके परिवारों के लिए 31 साल के इंतजार के बाद दीपावली आई है। लंबे संघर्ष के बाद राज्यशासन ने श्रमिकों के बकाया भुगतान के लिए 89 […]
Binod mill andolan 11 04 22