मेरी हत्या करवा सकते है भाजपा के नेता (देखें मारपीट का पूरा वीडियो)

निर्दलीय प्रत्याशी के बेटे का आरोप; वार्ड नंबर 25 के पार्षद उम्मीदवार पर बनाया चुनाव नहीं लड़ने का दबाव

उज्जैन, अग्निपथ। निकाय चुनाव में मतदान से दो दिन पहले शहर के दो वार्डो में भाजपा की अंदरूनी फूट जग जाहिर हुई है। पहली बार ऐसी स्थिति बनी है कि भाजपाई कार्यकर्ता आपस में ही सार्वजनिक रूप से झगड़ रहे है और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लग रहे है। वार्ड नंबर 20 में भाजपा के कार्यकर्ता ही आपस में झगड़ लिए। पार्षद पद के प्रत्याशी के कार्यालय पर पथराव किया गया। वार्ड नंबर 25 में निर्दलीय चुनाव लड़ रही सीताबाई बैस के पुत्र और चुनाव संचालक अनिल सिंह बैस ने आरोप लगाया है कि भाजपा के नेता चुनाव नहीं लड़ने के लिए लगातार दबाव बना रहे है, धमका रहे है। बैस ने है कि ये लोग मेरी हत्या भी करवा सकते है।

सीताबाई बैस और उनका परिवार पिछले लगभग 40 साल से भाजपा के लिए काम करता रहा है। वार्ड नंबर 25 सामान्य वार्ड है लिहाजा सीताबाई बैस ने यहां से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से टिकट मांगा था। भाजपा ने पूर्व पार्षद और पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाली महिला योगेश्वरी राठौर को यहां से उम्मीदवार बनाया है। सोमवार को सीताबाई बैस के पुत्र और उनके चुनाव के संचालक अनिल सिंह बैस ने एक पत्रकार वार्ता में भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए।

अनिल सिंह बैस ने कहा कि जनता से हमें मिल रहे समर्थन की वजह से भाजपा के नेता बौखला गए है। सीताबाई बैस को चुनाव मैदान से हटाने के लिए अनिल सिंह बैस को दो बार कोतवाली थाने पर बुलाया गया। बैस ने आरोप लगाया कि पुलिस के माध्यम से मुझ पर झूठा केस लादने की धमकी दी गई। भाजपा के कुछ बड़े नेताओं ने फोन पर धमकियां दी और चुनाव मैदान से पीछे हटने को कहा। अनिल सिंह बैस ने कहा कि यदि मेरे साथ किसी तरह की घटना होती है तो इसके लिए भाजपा के नेता और योगेश्वरी राठौर जिम्मेदार होंगे।

प्रकाश शर्मा के कार्यालय पर झगड़े भाजपाई

रविवार की रात गोलामंडी इलाके में भाजपा से जुड़े लोगों के बीच ही जमकर विवाद हुआ। वार्ड नंबर 20 के भाजपा पार्षद पद के उम्मीदवार प्रकाश शर्मा के कार्यालय पर पत्थर फेंके गए। कार्यालय के पास रखी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। प्रकाश शर्मा वार्ड नंबर 20 में भाजपा की ओर से पार्षद पद के लिए उम्मीदवार है। रविवार की रात 8 से 10 लोग गोलामंडी में बृहस्पतिदेव के मंदिर के नजदीक बने प्रकाश शर्मा के कार्यालय पर पहुंचे और यहां बैठे विशाल पिता गजेंद्र शर्मा को अपने पास बुलाया और मारपीट शुरू कर दी।

कार्यालय पर बैठे कुछ युवकों ने विशाल को बचाने का प्रयास किया तो विशाल के साथ मारपीट करने वालों ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। आसपास रखी मोटरसाइकिलों को भी नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद रात 11.30 बजे प्रकाश शर्मा और उनके समर्थक खाराकुआं थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग करने लगे। पुलिस ने इस मामले में विशाल शर्मा निवासी गोलामंडी की रिपोर्ट पर पुलिस ने 4 युवकों नवीन मालवीय, सोनू मालवीय, बंटी और राज के खिलाफ अपराध दर्ज किया। ये चारों लोग भी भाजपा से ही जुड़े हुए है।

देर रात भी वार्ड 25 में हुई थी मारपीट

वार्ड नंबर 25 में भाजपा प्रत्याशी योगेश्वरी राठौर के कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ था। कार्यालय पर 20 से 25 युवकों के बीच आपस में मारपीट हुई। इस मारपीट का एक वीडियों सोशल मीडया पर जमकर वायरल हुआ है। हालांकि मामले में किसी तरह की शिकायत पुलिस को नहीं की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

परमार बोले जनता तय करेगी सिंहस्थ का एजेंडा

Mon Jul 4 , 2022
बार एसोसिएशन ने किया महापौर प्रत्याशी परमार का सम्मान उज्जैन, अग्निपथ। कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी महेश परमार ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को महा जनसंपर्क किया और बार एसोसिएशन से लेकर विभिन्न वार्डों की प्रमुख गलियों में आम जनता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान प्रबुद्धजनों समाजसेवियों से लेकर […]
Mahesh parmar vakil swagat 04 07 22