इस्लामाबाद, अग्निपथ। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का बड़ा बयान सामने आया है। एक साक्षात्कार में उन्होंने स्पष्ट किया है कि सरकार प्रदर्शनकारियों को दुश्मन मानती है और उनसे किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं करेगी।
ख्वाजा आसिफ ने प्रदर्शन कर रहे नागरिकों की तुलना भारत से करते हुए कहा कि वे इन लोगों को उसी श्रेणी में रखते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ खड़े होने वाले लोग मुल्क के दुश्मन हैं, इसलिए उनके साथ कोई समझौता या वार्ता संभव नहीं है।
क्षेत्र में हिंसा और मौतों पर बढ़ा तनाव
यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में भारी हिंसा फैली हुई है। पिछले दो दिनों में सुरक्षा बलों द्वारा की गई गोलाबारी में ३२ प्रदर्शनकारियों की जान जा चुकी है, जबकि ५० से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के नेतृत्व में लोग स्थानीय विधानसभा चुनाव और शरणार्थी सीटों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।
सुरक्षा बलों की तैनाती और पाबंदियां
हिंसा को देखते हुए पूरे इलाके में अतिरिक्त सैन्य बल तैनात कर दिए गए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में धारा-१४४ लागू कर दी गई है और इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी गई हैं। सरकार का दावा है कि प्रदर्शनकारियों के पास आधुनिक हथियार थे, जबकि समिति का कहना है कि जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण था।
00000

