पुजारी बता कर मुंबई के श्रद्धालुओं से ठगी तीन परमिशन के वसूले 3100 रुपए

bhasmarti भस्मारती

रात में किया फोन बंद, जलाभिषेक की दक्षिणा भी मांगता रहा

उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती को लेकर देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। जिसका फायदा मंदिर के आसपास घूम रहे असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। भगवान महाकाल की भस्म आरती के नाम पर एक बार फिर श्रद्धालुओं को ठगने का मामला सामने आया है। श्रद्धालुओं से अपने आप को पुजारी बता कर 3100 रुपए ठग लिए गए।

सोमवार को अपने आप को मंदिर से जुड़ा पुजारी बताकर श्रद्धालुओं को ठगने का ऐसा ही एक मामला सामने आया। मुंबई से आए श्रद्धालु विनोद ने बताया कि रविवार को उसे रोहित नामक व्यक्ति मिला, जिसने अपने आप को मंदिर से जुड़ा पुजारी बताया और तीन सदस्यों की भस्म आरती अनुमति बनाने के नाम पर 3100 रुपए ले लिए।

बाद में रात 3 बजे से श्रद्धालु संबंधित व्यक्ति को फोन लगाकर ढूंढ रहे थे। लगातार फोन लगाने के बाद जब एक बार रोहित नामक व्यक्ति ने फोन उठाया तो उसने अन्य दो नंबर देकर बात करने को कहा। श्रद्धालुओं ने जब फिर रोहित से मंदिर में जाने की जानकारी मांगी तो उसने बताया कि चार नंबर गेट से प्रवेश कर जाओ।

श्रद्धालुओं को दर्शन की रसीद थमा दी

श्रद्धालु जब मंदिर में पहुंचे तो पता चला कि जो रसीद दी है, वो भस्मारती की नहीं है। एक बार फिर श्रद्धालु ने रोहित को फोन पर पूछा तो उसने बताया कि मंदिर में वीवीआइपी आने के कारण भस्मारती अनुमति नहीं बन पाई है।

राशि मांगी तो दक्षिणा मांग ली

जब श्रद्धालुओं ने दी गई राशि मांगी तो रोहित ने कहा कि उसकी दक्षिणा की राशि अभी लेना बाकी है। पीडि़त ने श्रद्धालुओं को कहा कि वह 1500 रुपए की रसीद कटवा कर जल चढ़ा दें और दक्षिणा बाद में दे दें। ऐसे में श्रद्धालु एक बार फिर ठगने का एहसास होने के बाद उन्होंने मंदिर के पुजारी पुरोहितों से चर्चा की तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।

हालांकि श्रद्धालु की मदद के लिए पुजारी और पुरोहितों ने भी श्रद्धालुओं को दिए गए नंबर पर फोन लगाकर संबंधित व्यक्ति की अच्छी खासी लू उतार दी। मामले में श्रद्धालुओं ने बताया कि वह मुंबई से दर्शन के लिए आए थे। रोहित का नंबर उन्हें उनके दोस्तों ने दिया था। आखिरकार श्रद्धालु इसकी लिखित शिकायत मंदिर प्रशासक के पास भी पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

धमकी देकर 25 हजार वसूलने वाली पुलिस की शिकायत

Mon Mar 21 , 2022
सिजिंग कर्मी पहुंचे आईजी-एसपी कार्यालय उज्जैन, अग्निपथ। किश्त बकाया होने पर बाइक सीज करने वाले एजेंट के साथ मारपीट कर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 25 हजार रुपये वसूलने वाली नीलगंगा पुलिस की शिकायत फायनेंस कर्मियों ने आईजी-एसपी कार्यालय पहुंचकर की। शीतल पैलेस कालोनी में रहने वाला दिलीप […]