प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करे और गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करे सरकार: मौलाना मुफ्ती अहमद

हाजियों और उलेमाओं के सम्मान समारोह में उठी मांग

सीहोर, अग्निपथ। मध्य प्रदेश में सरकार पूर्ण शराबबंदी लागू करे और गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करे। यह विचार शनिवार को कस्बा क्षेत्र स्थित दीवान बाग में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि म.प्र. जमीयत उलेमा हिंद के सदर मुफ्ती मौलाना अहमद ने व्यक्त किए। यह आयोजन जिले भर से हज यात्रा से लौटे हाजियों एवं उलेमाओं के सम्मान में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाफिज चांद मियां ने की। इस अवसर पर समाज में आपसी सद्भाव और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

भाईचारे और कौमी एकता को मिलेगी मजबूती

समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने सभी हाजियों और उलेमाओं को मुबारकबाद दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में भाईचारा और कौमी एकता और अधिक मजबूत होगी। कार्यक्रम को जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती तथा बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश प्रभारी कमलेश कुमार सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। आयोजक वक्फ कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद शमीम अहमद ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया और सामाजिक सद्भाव की मिसालें पेश कीं।

बड़ी संख्या में नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम का सफल संचालन कलीम पठान ने किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन कांग्रेस नेता नायाब खान द्वारा किया गया। इस गरिमामय समारोह में बलवीर तोमर, हफीज चौधरी, अनीस मियां, महफूज भाई, अहमद भाई, मोहसीन, खालिद पठान, इरशाद पहलवान, मुश्तफा अंजुम, रशीद मंसूरी, तारिक मियां, आरिफ पहलवान, खालिद अहमद, मज्जू खां, हैदर मीर, सरवर पठान, सलीम खां प्यारे भाई सहित बड़ी संख्या में पूर्व पार्षद, सम्मानित हाजी और उलेमागण उपस्थित रहे।

Next Post

फर्जी कागजात से वाहन बेचकर रात में खुद ही कर लेते थे चोरी

Sat Aug 1 , 2026
भिंड पुलिस ने पकड़ा वकालत छात्रों का फर्जीवाड़ा भिंड, अग्निपथ। भिंड जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और कानून की पढ़ाई कर रहे युवाओं द्वारा संचालित एक बेहद चालाक वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। बरोही थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह के तीन […]

Breaking News