बच्चों से बिकवाता था नशे की पुडिय़ा, पुलिस ने तोड़ा मकान

फोर्स को देख बदमाश भागा, मां और पत्नी करती रही विरोध

उज्जैन,अग्निपथ। बदमाशों के मकान तोडऩे की मुहिम दूसरे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने बच्चों से नशे की पुडिय़ा बिकवाने वाले हिस्ट्रीशीटर के आशियाने पर हथौड़े चलवा दिए। फोर्स देख बदमाश भाग गया, लेकिन उसकी माँ व पत्नी ने विरोध करती रही। खास बात यह है कि बदमाश ने दहशतगर्दी के वीडियो सोश्यल मीडिया पर भी डाल रखे हैं।

एकता नगर निवासी दीपक पिता नंदकिशोर अहिरवार (25) पर दुष्कर्म, जानलेवा हमले, अड़ीबाजी व आबकारी के सात प्रकरण दर्ज हैं। वह ऑटो चलाने की आड़ में गांजे और स्मैक की पुडिय़ा बच्चों से बिकवाता है। जानकारी पर एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने नगर निगम से उसके मकान का रिकार्ड निकलवाया। पता चला उसने बिना अनुमति 800 स्क्वेयर फीट का मकान बना रखा है। नतीजतन शुक्रवार को सीएसपी वंदना चौहान, टीआई तरुण कुरील, ओपी अहीर, राममूर्ति शाक्य, जीवन भिंडोर व निगम अमले के साथ दीपक के घर पहुंची। भारी फोर्स देख दीपक रफूचक्कर हो गया, लेकिन उसकी मां व पत्नी विरोध करने लगी। बावजूद नगर निगम गैंग ने मकान जमींदोज कर दिया। याद रहे पुलिस व निगम गैंग ने गुरुवार को मुल्लापुरा में शहंशाह व विष्णुपुरा में सनी मराठा का मकान तोड़ा था। इसी के साथ अब तक 46 बदमाशों के मकान ध्वस्त किए जा चुके हैं।

तलाशी में मिला नशे के धंधे के प्रमाण

कार्रवाई से पहले पुलिस ने दीपक के मकान की तलाशी ली। यहां से स्मैक व गांजा तोलने का छोटा उपकरण व पुडिय़ा पैकिंग की काफी पन्नियां बरामद हुई। टीआई कुरील ने बताया कि दीपक को मई में ही जेल भेजा था। पता चला वह छूटते ही बच्चों से नशे की पुडिय़ा बिकवाने लगा था।

सोशल मीडिया पर दहशतगर्दी के वीडियो
दीपक गैंगस्टर बनना चाहता है। इसलिए उसने पिस्टल लहराते, लोगों को मारने के नाटकीय वीडियो बनाकर यू ट्यूब पर डाल रखे हैं। उसने दुर्लभ कश्यप के साथ भी वीडियो डाल रखे हैं। फेसबुक पर आदेश गु्रप उज्जैन के नाम से आईडी बना रखी है और इस पर भी हथियारों के साथ उसके वीडियो डाले हुए हैं। इस कारण भी वह पुलिस की नजरों में चढ़ा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

शाजापुर : कायाकल्प अभियान के कारण परेशान मरीज इलाज के लिए घंटों तक करना पड़ा इंतजार

Fri Sep 24 , 2021
शाजापुर, अग्निपथ। स्वास्थ्य सेवाओं को परखने के लिए भोपाल के चिकित्सक शाजापुर पहुंचे और जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण की वजह से अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा, क्योंकि निरीक्षण करने आए चिकित्सक के साथ अस्पताल के सारे चिकित्सक भी […]