बिल्डरों पर हुई सांसद की तिरछी नजर

निगम आयुक्तसे कहा प्लॉट के पार्ट कर मकान बनाने वालों को चिन्हित किया जाए

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन शहर में विकसित हो रही अधिकांश कॉलोनियों में बिल्डरों ने एक-एक प्लॉट के तीन-तीन हिस्से कर मकान बनाकर बेचे जा रहे हैं। ऐसे बिल्डरों पर अब सांसद अनिल फिरोजिया की नजर तिरछी हो गई है। सांसद ने नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता से नई कॉलोनियों में प्लॉट के पार्ट कर हो रहे अवैध निर्माण को चिन्हित करने और जरूरी कार्यवाही करने के लिए कहा है।

मंगलवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय में आयोजित हुई जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद ने नई कॉलोनियों में अवैध निर्माण का मुद्दा उठाया। इस बैठक में सांसद ने नर्मदा घाटी परियोजना, अमृत मिशन, स्मार्ट सिटी, नगर निगम, जिला शहरी विकास अभिकरण, श्रम, स्कूल शिक्षा, जिला पंचायत, जल संसाधन, पीएचई, प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़, पर्यटन, विद्युत, उज्जैन विकास प्राधिकरण, खाद्य एवं आपूर्ति के विभागों के विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

सडक़ के लिए दीपावली तक की चेतावनी

उज्जैन में टाटा कंपनी के द्वारा किये जा रहे सीवरेज लाइन कार्य को समय-सीमा में व्यवस्थित पूर्ण करने के लिए कहा गया है। सांसद ने कहा कि जिस क्षेत्र में कार्य चल रहा है, वहां पर कार्य प्रारम्भ करने का दिनांक एवं कार्य की समाप्ति की अवधि का उल्लेख करते हुए बोर्ड लगाया जाये और समय-समय पर नगर निगम आयुक्त इसकी मॉनीटरिंग करें। कलेक्टर आशीष सिंह ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये हैं कि उक्त कार्य की माइक्रो प्लानिंग के साथ सम्बन्धित कंपनी से कराया जाये, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की कठिनाई न आने पाये। शहर में जहां रोड खुदे हैं, उन्हें दीपावली के पहले कार्य को पूरा करने के निर्देश दिये गये हैं। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये हैं कि वे 9 नवम्बर को टाटा कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक करें।

ये भी हुआ बैठक में

  1. अमृत मिशन के सीवरेज योजना के कार्य में घर से निकलने वाले दूषित पानी की लाइन को चेम्बर में लेकर मेन लाइन से जोडऩे का काम सूरज नगर एवं अलख नन्दा नगर से प्रारम्भ किया गया है। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये गये हैं।
  2. सांसद ने स्मार्ट सिटी के तहत ब्राण्ड महाकाल योजना के अन्तर्गत महाकाल मन्दिर की आरती आदि का व्यापक प्रचार-प्रसार करने हेतु हवाई अड्डों एवं प्रमुख स्थलों पर बोर्ड लगाने को कहा है।
  3. सिंहस्थ में खरीदे गए ई-रिक्शाओं को नियमानुसार सम्बन्धित जरूरतमन्द व्यक्तियों को वितरित करने के निर्देश दिए गए।
  4. एमआर-5 से आगर रोड तक रतन एवेन्यू कॉलोनी के सामने नाला निर्माण करने को कहा गया।
  5. सेवरखेड़ी मध्यम परियोजना के कार्य को भी प्राथमिकता के साथ कराया जाना सुनिश्चित करने के लिये शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये गये।
  6. भारत सरकार की आईपीडीएस योजना अन्तर्गत स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट के तहत उज्जैन शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर स्थापित किये जाने के मामले में सांसद ने नाराजगी जताते हुए विद्युत कंपनी के अधिकारी को निर्देश दिये कि हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान एक उपभोक्ता के घर में आग लग गई, जिससे उसे काफी नुकसान हुआ है। कंपनी के अधिकारी को बुलवा कर कलेक्टर सम्बन्धित उपभोक्ता को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलवायें।
  7. विधायक पारस जैन ने कहा कि बिजली कंपनी द्वारा गरीब उपभोक्ताओं के यहां विद्युत देयक की राशि अधिक के बिल भेजे जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाने के उपरान्त आंकलित खपत में ज्यादा होने से उपभोक्ता नाराज हैं।
  8. जनप्रतिनिधियों ने इस साल कार्तिक मेला प्रारम्भ करने की बात रखी। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि शीघ्र आने वाली नई गाईड लाइन के आधार पर कार्तिक मेले पर निर्णय लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

इस्कॉन मंदिर धर्मशाला में किशोर ने लगाई फांसी

Tue Oct 26 , 2021
चौथी मंजिल पर कमरे में लटका मिला उज्जैन, अग्निपथ। 15 दिन पहले इस्कॉन मंदिर आये बालक ने परिसर में बनी धर्मशाला की चौथी मंजिल के कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों के पश्चिम बंगाल से आने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि सोमवार देर शाम इस्कॉन […]

Breaking News