मंडी के विवाद में बाउंसरों की इंट्री, नए ठेकेदार ने भी संभाला काम

उज्जैन मंडी

उज्जैन, अग्निपथ। कृषि उपज मंडी में हम्माली दर बढ़ाने को लेकर व्यापारियों और हम्मालों के बीच जारी खींचतान के दौरान अब बाउंसरों की इंट्री हो गई है। मंडी व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष गोविंद खंडेलवाल की फर्म पर दिनभर 15 से ज्यादा बाउंसर तैनात रहे। सोमवार से ही नए हम्माल सप्लाय करने वाली ठेकेदार फर्म का भी काम शुरू हो गया है। नए ठेकेदार से करीब 100 हम्मालों ने सोमवार को मंडी में काम किया।

मंडी परिसर में पहले काम कर रहे हम्मालों और व्यापारियों के बीच रविवार को हुई बैठक के दौरान हड़ताल वापस लिए जाने पर सहमति बनने के बाद सोमवार को कृषि उपज मंडी में सामान्य दिनों की तरह ही आवक हुई। पूरे दिन में करीब 23 हजार क्विंटल गेंहू बिकने पहुंचा। कृषि उपज मंडी के व्यापारियों ने पहले से काम कर रहे हम्मालों की पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।

व्यापारियों ने कोटेशन बुलाकर ठेकेदार तय किया और उसके साथ हम्माल उपलब्ध कराने का अनुबंध भी कर लिया। नया ठेकेदार वर्तमान दर से भी 5 प्रतिशत कम राशि पर हम्माल उपलब्ध कराने के लिए राजी है। कृषि उपज मंडी में सोमवार से नए ठेकेदार के करीब 100 हम्मालों ने काम भी शुरू कर दिया है। इसके अलावा पूरे दिन पहले से काम करते चले आ रहे हम्माल भी काम करते रहे।

व्यापारियों ने तय किया है कि मंडी में ठेकेदार के हम्माल हो या पहले से काम करते आ रहे हम्माल, सभी को वर्तमान दर से 5 प्रतिशत कम पारिश्रमिक ही दिया जाएगा। मंडी के परंपरागत हम्माल मजदूरी दर बढ़ाने के लिए आंदोलन कर रहे थे लेकिन इस पूरे एपिसोड में उलटे उनकी हम्माली दर 5 प्रतिशत कम हो गई है। इस वजह से अब हम्मालों के बीच भी असंतोष है।

पूरे घटनाक्रम में व्यापारियों की अगुवाई कर रहे व्यापारी संघ अध्यक्ष गोविंद खंडेलवाल की अहम भूमिका रही। अब तक मंडी में हम्माल दबाव बनाते रहे और व्यापारी संघ उनकी मांगे मानता रहा। पहली बार ऐसा हुआ कि हम्माल प्रतिनिधियों की मांगों के आगे व्यापारी नहीं झुके, उल्टे उन पर अपना निर्णय थोप दिया।

सोमवार को मंडी में नए हम्माल ठेकेदार की इंट्री के बाद गोविंद खंडेलवाल के तोल कांटे ओंकारलाल जमनालाल फर्म पर भी सुरक्षा बतौर बाउंसर तैनात हो गए थे। कांग्रेस नेता रवि शुक्ला और गोविंद खंडेलवाल अच्छे दोस्त है लिहाजा रवि शुक्ला भी पूरे दिन इसी फर्म पर बैठे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

परस्पर बैंक पिछले दो दशकों से निरंतर लाखों के मुनाफे में-अनिलसिंह चंदेल

Mon Mar 28 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। पटनीबाजार में स्थित दत्तमंदिर में परस्पर सहकारी बैंक के ग्राहक मिलन समारोह को संबोधित करते हुए बैंक के पूर्व अध्यक्ष अनिलसिंह चंदेल जी ने कहा कि पिछले दो दशक से उज्जैन परस्पर सहकारी बैंक प्रतिवर्ष लाखों रुपए का मुनाफा अर्जित कर रही है। जिसमें बैंक सदस्यों ने सराहनीय […]