भोपाल, अग्निपथ। मध्यप्रदेश सरकार ने छठा वेतनमान प्राप्त कर रहे लगभग ४० हजार अधिकारी-कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने उनके महंगाई भत्ते (DA) में ५ प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। वित्त विभाग द्वारा बुधवार को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
अप्रैल के वेतन से मिलेगा लाभ
इस निर्णय के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता २५२ प्रतिशत से बढ़कर अब २५७ प्रतिशत हो गया है। बढ़ा हुआ भत्ता अप्रैल २०२६ के वेतन के साथ जुड़कर मिलेगा। शासन ने स्पष्ट किया है कि इस वृद्धि का वास्तविक लाभ १ जुलाई २०२५ से दिया जाएगा। इससे कर्मचारियों की मासिक आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
एरियर का भुगतान और सेवानिवृत्त कर्मियों को राहत
जुलाई २०२५ से मार्च २०२६ तक की बकाया राशि (एरियर) का भुगतान छह समान किस्तों में किया जाएगा। यह राशि मई से अक्टूबर २०२६ के बीच दी जाएगी। जो कर्मचारी इस अवधि के दौरान सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उन्हें एरियर की पूरी राशि का भुगतान एकमुश्त किया जाएगा। गौरतलब है कि सातवां वेतनमान पाने वाले कर्मचारियों का भत्ता पहले ही ३ प्रतिशत बढ़ाकर ५८ प्रतिशत किया जा चुका है।
