महाकाल मंदिर: अतिरुद्र महामृत्युंजय अनुष्ठान की पूर्णाहुति आज

कोरोना से मुक्ति के लिए पांच हवन कुंडों में डालेंगे आहुतियां

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में कोरोना मुक्ति के लिए पिछले 10 दिनों से चले आ रहे अति रूद्र अभिषात्मक एकादश महामृत्यंजय अनुष्ठान की पूर्णाहुति आज होगी। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा आयोजित इस अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर कलेक्टर और मंदिर प्रशासक भी उपस्थित रहेंगे।

10 दिनों तक चले जाप के बाद आज 11वें दिन जाप संपन्न होने के बाद यज्ञशाला में मंत्रोच्चार के बीच पांच हवन कुंडों में आहुतियां डालकर भगवान महाकाल से कोरोना मुक्ति की प्रार्थना की जाएगी।

मंदिर के सहायक प्रशासक और नोडल अधिकारी प्रतिक द्विवेदी ने बताया कि आज सुबह 8 बजे से मंत्रों का जाप फिर से शुरू होगा, जोकि सुबह 10 बजे तक चलेगा। इसी बीच भगवान महाकाल का पंचामृत पूजन अभिषेक किया जाएगा। आरती के बाद यज्ञशाला में हवन संपन्न होगा। 1ा दिन तक चले जाप की दशांश आहुतियां पांच हवन कुंडों में ब्राह्मण मंत्रों के साथ देंगे।

कलेक्टर आशीषसिंह और प्रशासक नरेन्द्र सूर्यवंशी को पूर्णाहुति पर आमंत्रित किया गया है। विगत 11 दिन से जाप करने वाले 76 ब्राह्मण इसमें आहुतियां डालेंगे। एक हवन कुंड पर बारी-बारी से 3-3 ब्राह्मणों को बैठाया जाएगा। यह पंचकुंडीय यज्ञ होगा। यज्ञशाला में हवन कुंड व मंडल भी तैयार कर लिए गए हैं।

सोशल डिस्टेंसिंग का रखेंगे ध्यान

कोरोना महामारी के इस दौर में यज्ञशाला में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सख्ती से किया जाएगा। यज्ञशाला में केवल वही ब्राह्मण उपस्थित रहेंगे जोकि आहुतियां डालेंगे। बाकी के लिए पास में ही इंतजाम किया गया है। सभी ब्राह्मण मॉस्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे। आरती के बाद अनुष्ठान की पूर्णाहुति होगी और प्रसाद वितरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने मचाया कोरोना वार्ड में हंगामा

Mon Apr 19 , 2021
समर्थकों के साथ माधव नगर के सीनियर डॉक्टरों से की बदसलूकी उज्जैन, अग्निपथ। शहर के अस्पतालों के हाल बेहाल हैं। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या की वजह से अस्पतालों में जगह नहीं बची है। अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ किसी तरह से अपना काम कर रहा है। लेकिन नेता हैं कि […]