महाकाल मंदिर के सामने वाले 11 मकानों के लिए तय होगा मुआवजा

एक सप्ताह में अवार्ड पारित करने की कार्रवाई पूरी होगी

उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर के ठीक सामने बने 11 मकानों को अधिग्रहित करने की कार्रवाई के तहत अवार्ड पारित कर दिए जायेंगे। इसका सीधा मतलब यह है कि इन 11 मकानों के अधिग्रहण के लिए सरकार कितना मुआवजा किस मकान मालिक को देगी, यह तय हो जाएगा। अगले एक सप्ताह में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके अलावा त्रिवेणी संग्रहालय से चार धाम मंदिर तक की सडक़ के निर्माण के लिए भी जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई भी एक सप्ताह में पूरी हो जाएगी।

कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को बृहस्पति भवन में महाकाल मंदिर क्षेत्र के विकास से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने ही यह जानकारी दी है। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि महाकाल मंदिर के सामने के 11 मकान व त्रिवेणी संग्रहालय से लेकर चार धाम मंदिर तक की सडक़ का अधिग्रहण का काम सप्ताह में पूर्ण कर लिया जाए। इस संबंध में अधिग्रहण का अवार्ड अगले सप्ताह पारित करने को कहा गया है।

इसी तरह महाकाल मंदिर के सामने की तरफ 70 मीटर क्षेत्र के भूमि अधिग्रहण के संबंध में धारा 11 का प्रकाशन भी अगले एक सप्ताह में करने के लिए निर्देशित किया गया है। चार धाम मंदिर से नृसिंह मार्ग पर जमीन अधिग्रहण के लिए धारा 19 की कार्रवाई भी करने के लिए निर्देशित किया गया है।

इसके अलावा कलेक्टर आशीष सिंह ने सिद्धवट व काल भैरव मंदिर के सामने पार्किंग के लिए स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे कार्यों में समय सीमा दर्शाने वाले टाइमर लगाने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने बैठक में स्मार्ट सिटी और उज्जैन विकास प्राधिकरण के अन्य कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यों के टेंडर समय पर निकल जाए और कार्यों में गति लाई जाए। इस बैठक में उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजानसिंह रावत, एसडीएम संजीव साहू के साथ ही स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की दो नमकीन फैक्ट्री पर कार्रवाई

Sat Sep 25 , 2021
45 लीटर खराब जला हुआ पाम ऑइल पाया गया, सेव, मिर्च पाउडर और बेसन के सैम्पल लिए उज्जैन, अग्निपथ। शहर में मिलावटियों पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की कार्रवाई सतत जारी है। मिलावटियों पर अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई कर सेंपल लिए जा रहे हैं। जिसको जांच […]