महाकाल मंदिर में शिवरात्रि पर्व: कोरोना के चलते स्लॉट में कराए जाएंगे दर्शन

50 हजार ऑनलाइन बुकिंग रोज की जाएगी

उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल मंदिर में शिवरात्रि पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला प्रशासन दर्शन व्यवस्था बना रहा है। जिसमें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने वाले श्रद्धालुओं को ही प्रवेश दिए जाने पर विचार विमर्श चल रहा है। तैयारियों के मद्देनजर शनिवार को निर्माण कार्य के चलते निर्गम गेट को बंद कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की निकासी निर्माल्य गेट से की जा रही है। मंदिर में विद्युत सज्जा करना भी प्रारंभ कर दिया गया है।

शिव नवरात्रि 3 मार्च से प्रारंभ हो जाएगी और मंदिर में 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। इसके दूसरे दिन साल भर में एक बार दोपहर में होने वाली भस्मारती होगी। जिला प्रशासन द्वारा इस बार कोरोना के नए स्ट्रेन के चलते ऐतिहात के तौर पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने वाले श्रद्धालुओं को ही प्रवेश देने पर विचार कर रहा है। एक बार में हरसिद्धि मंदिर से लेकर शंख द्वार तक कितने श्रद्धालु एकत्रित हो सकते हैं। इस पर मंथन चल रहा है। जानकारी में आया है कि एक दिन में 50 हजार श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा सकता है। इसके अलावा पासधारी और 250 रुपए शीघ्र दर्शन टिकटधारियों की संख्या अलग से है। शिव नवरात्रि पर्व शुरू होने से पहले एक बार फिर मंदिर प्रबंध समिति की बैठक। जिस पर व्यवस्था के मद्देनजर अंतिम निर्णय लिए जाएंगे।

समयसीमा में ही दर्शन को आएं श्रद्धालु

शिवरात्रि के दिन 50 हजार श्रद्धालुओं को आनलाइन बुकिंग के माध्यम से 8 स्लॉटों में दर्शन कराए जाएंगे। हर स्लॉट दो घंटे का है। मैसेज में दिए समय पर यदि श्रद्धालु नहीं पहुंच पाएगा तो उसकी बुकिंग कैंसिल मानी जाएगी। इसलिए मंदिर प्रशासन ऐसी व्यवस्था कर रहा है कि समय रहते श्रद्धालुओं को नियत स्लॉट में दर्शन हो सकें। ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था से रूबरू न होना पड़े। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को स्लॉट में दिए गए समय पर ही आने का प्रचार प्रसार किया जाएगा।

मेगा स्क्रीन से दर्शन शुरू

स्मार्ट सिटी विस्तारीकरण योजना के तहत पुलिस चौकी पर लगी मेगा स्क्रीन को हटा दिया था। अब शिवरात्रि के मद्देनजर इसको फिर से विश्राम धाम पर लगाकर शुक्रवार की शाम से शुरू कर दिया गया। शनिवार को सुबह भी स्क्रीन शुरू थी, लेकिन धूप के चलते दृश्य दिखाई नहीं दे रहा था। इसके उपर शेड लगाया जाएगा ताकि दिन में भी लोगों को महाकाल चौराहे से ही भगवान के दर्शन हो सकें।

विद्युत सज्जा प्रारंभ

शिवरात्रि के लिए मंदिर की विद्युत सज्जा शनिवार से शुरू कर दी है। आकर्षक रंगबिरंगी विद्युत सज्जा से मंदिर को दमकाया जाएगा। मंदिर महाशिवरात्रि पर्व सबसे बड़ा पर्व है। लिहाजा मंदिर प्रशासन इसमें कोई भी कसर बाकी रखना नहीं चाहता।

निर्माल्य गेट से श्रद्धालुओं की निकासी

शनिवार को निर्गम गेट के पास शेड के लिए निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते इसको बंद कर दिया गया। श्रद्धालुओं की निकासी निर्माल्य गेट से करवाई जा रही है। बताया जाता है कि निर्गम गेट के बगल में पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के लिए व्यवस्था की जा रही है। ताकि श्रद्धालुओं को निर्गम गेट से सीधे जूता चप्पल स्टैंड और लॉकर रूम तक पहुंचने में किसी तरह की कोई परेशानी न हो सके। यहां पर लगे शेड का उपयोग छांव के लिए किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

वेतन कम मिला तो मरीजों से करने लगे वसूली, तीन को हटाया

Sat Feb 27 , 2021
वसूली रकम के बंटवारे के लिए झगड़ ली महिला कर्मचारी, कार्रवाई उज्जैन, अग्निपथ। चरक अस्पताल में कर्मचारी आउटसोर्स करने वाली कंपनी से कम वेतन मिलने पर कर्मचारियों ने मरीजों से वसूली शुरू कर दी। ऐसे रुपयों के बंटवारे को लेकर गत दिनों तीन महिला कर्मचारी आपस में भिड़ ली। इन […]