महापौर-नपा अध्यक्ष कराएंगे पौधारोपण, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सौंपे दायित्व

श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आज से पखवाड़ा

भोपाल, अग्निपथ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को 23 जून से 6 जुलाई तक विशेष पखवाड़ा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के तहत सभी नगर निगमों के महापौर और नगरपालिका अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और विचारगोष्ठियों की कमान संभालनी होगी।

मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। नई पीढ़ी को उनकी राष्ट्रवादी विचारधारा से अवगत कराने के लिए नगरीय क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों और उद्यानों का नामकरण उनके नाम पर किया जाएगा।

इस पखवाड़े के दौरान केवल भाषणबाज़ी नहीं होगी, बल्कि जमीनी स्तर पर जनसेवा के कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि सभी निकायों में युवाओं को जोड़ने के लिए निबंध प्रतियोगिताएं, संवाद सत्र और युवा सम्मेलन आयोजित होंगे। इसके अलावा रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।

राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक स्वरूप मनेगा बलिदान दिवस

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का पूरा जीवन राष्ट्रीय एकीकरण का अनुपम उदाहरण रहा है। जम्मू-कश्मीर में विशेष व्यवस्था के विरोध में आंदोलन करते हुए 23 जून 1953 को उनका निधन हुआ था, जिसे पूरा देश सर्वोच्च बलिदान के रूप में याद करता है।

6 जुलाई को उनकी 125 जयंती वर्ष की शुरुआत हो रही है, जिसे गौरवशाली तरीके से मनाने की रूपरेखा तैयार की गई है। सरकार का मुख्य उद्देश्य इस अभियान को पूरी तरह जनसेवा से जोड़ना है। इसके लिए सभी आवश्यक शासकीय स्वीकृतियां समय पर पूरी करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Next Post

मप्र: आंधी-बारिश के बीच छतरपुर में आकाशीय बिजली का कहर, एक मासूम की मौत

Mon Jun 22 , 2026
मानसून अब भी लापता भोपाल/उज्जैन। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले प्री-मानसून गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। सोमवार को उज्जैन सहित कई शहरों में तेज बारिश हुई। इसी बीच छतरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो […]

Breaking News