राष्ट्रपति सोमवार को आएंगे उज्जैन

Ramnath kovind

आयुर्वेद सम्मेलन शुभारंभ के बाद करेंगे महाकाल दर्शन

उज्जैन, अग्निपथ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का 29 मई को उज्जैन आ रहे हैं। राष्ट्रपति श्री कोविंद 29 मई को हेलीकॉप्टर से इन्दौर से उज्जैन आयेंगे। वे हेलीपेड से सीधे पं.सूर्यनारायण व्यास संकुल में आयुर्वेद सम्मेलन में भाग लेंगे।

सम्मेलन में भाग लेने के उपरांत राष्ट्रपति भगवान श्री महाकालेश्वर मन्दिर जाकर भगवान महाकाल का पूजन-अर्चन एवं दर्शन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति सर्किट हाऊस आयेंगे। सर्किट हाऊस पर विश्राम कर इन्दौर के लिये प्रस्थान करेंगे।

अफसरों ने की रिहर्सल, परेशान हुआ शहर

उज्जैन में राष्ट्रपति श्री कोविंद के आगमन की तैयारियों में प्रशासन जुटा है। एक दिन पहले शनिवार को फ्रीगंज क्षेत्र के देवास रोड में वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके आगमन की रिहर्सल की। राष्ट्रपति के आगमन और उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने शनिवार को फाइनल रिहर्सल की। इस दौरान 10.30 से शुरू होने वाली रिहर्सल के लिए सर्किट हाउस देवास रोड महानंदा नगर की और से सभी रास्तों को ब्लॉक कर दिया गया।

जिसके कारण सीबीएसई 12 वी कक्षा की परीक्षा देने जा रहे कई छात्र-छात्राओं को देवास रोड पर रोक दिया गया,जबकि उनका इकोनॉमिक्स का पेपर 10.30 से शुरू होने वाला था। कलेक्टर की दखल के बाद उन्हें 11 बजे छोड़ा गया। तब तक परीक्षा का समय आधे घंटे निकल चुका था।

वरिष्ठ अधिकारी थे मौजूद

रिहर्सल के दौरान संभागायुक्त संदीप यादव, आईजी संतोष कुमार सिंह, डीआईजी अनिल कुशवाह, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, एडीएम संतोष टैगोर, एएसपी आकाश भूरिया, डॉ.इन्द्रजीत बाकलवार एवं अन्य जिलों से आये वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

वरिष्ठ अधिकारियों ने हेलीपेड, सर्किट हाऊस, कालिदास परिसर स्थित संकुल, महाकाल मन्दिर पर पहुंचकर आवश्यक दिशा-निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये तथा कार्यक्रम की रिहर्सल की। राष्ट्रपति श्री कोविंद के आगमन को लेकर महाकाल मंदिर क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यहां की व्यवस्थाओं में एक दिन के लिए कई परिवर्तन किए गए हैं।

सामान्य आधा घंटा, प्रोटोकाल और शीघ्र दर्शन व्यवस्था 6 घंटे रहेगी बंद

श्री महाकालेश्वर मन्दिर में 29 मई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन को लेकर दर्शन व्यव्स्था में परिवर्तन किया गया है। कुछ समय के लिए वीआईपी प्रोटोकाल और शीघ्र दर्शन टिकट सुविधा बंद रहेगी। लेकिन सामान्य दर्शनार्थीगणों की महाकाल दर्शन व्यवस्था चालू रहेेगी। केवल दोपहर 12 से 1 बजे के बीच आधे घंटे तक का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। उनका प्रवेश और निर्गमन कार्तिकेय मंडपम से किया गया है।

महाकालेश्वर मंदिर में प्रात: 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक विशिष्ट अतिथिगण का प्रोटोकॉल एवं 250 रुपए शीघ्रदर्शन टिकट सुविधा बन्द रहेगी। सामान्य दर्शनार्थीगण का प्रवेश दोपहर 12.15 बजे से 12.45 बजे तक प्रतिबन्धित रहेगा। सामान्य दर्शनार्थीगण वर्तमान व्यवस्था अनुरूप बड़े गणेश मंदिर के सामने गेट नं.- 4 से प्रवेश कर मार्बल गलियारा होते हुए कार्तिकेय मंडपम से दर्शन हेतु प्रवेश करेंगे व उसी मार्ग से कार्तिकेय मंडपम से ही बाहर प्रस्थान करेंगे। दर्शनार्थी गण अपने साथ बैग, झोला, मोबाइल आदि नही ले जा सकेंगे।

गर्भगृह निरीक्षक पर अंतिम समय तक सस्पेंस

राष्ट्रपति के प्रोटोकाल के तहत महाकालेश्वर मंदिर के किस कर्मचारी की कहां पर ड्यूटी रहेगी, इस बात पर भी अंतिम समय तक सस्पेंस रखा गया है। राष्ट्रपति का आगमन गर्भगृह में होगा। इसको देखते हुए गर्भगृह निरीक्षक इस दौरान कौन रहेगा। इस बात पर भी अंतिम समय तक सस्पेंस बरकरार है। हालांकि राष्ट्रपति के आगमन के कुछ समय पहले गर्भगृह निरीक्षक को वहां पर तैनात कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कांग्रेस ने चेक की ईवीएम मशीन, स्ट्रांग रूम में सील करवाया

Sat May 28 , 2022
शहर कांग्रेस की उपस्थिति में निर्वाचन द्वारा ईवीएम मशीनों का मॉक पॉल किया उज्जैन, अग्निपथ। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि भदोरिया के साथ कांग्रेस पदाधिकारीगणों ने निर्वाचन कार्यालय द्वारा ईवीएम मशीन के मॉक पॉल में हिस्सा लिया और मशीन की स्थितियों का बारीकी से जायजा लिया तथा अपनी उपस्थिति […]