रिंगनोद टोल के पास यात्री बस पर पथराव: अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी, 30 यात्री घायल

धार, अग्निपथ। बोरी से राजगढ़ की ओर जा रही एक यात्री बस बुधवार को ग्राम रिंगनोद में टोल टैक्स के समीप खौफनाक हादसे का शिकार हो गई। अज्ञात बदमाशों द्वारा किए गए अचानक पथराव के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा घुसी। इस दर्दनाक घटना में बस में सवार लगभग 30 यात्री घायल हो गए हैं, जबकि बस चालक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया।

पत्‍थर लगते ही चालक ने खोया नियंत्रण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस क्रमांक एमपी 11 पी 3455 जब रिंगनोद टोल टैक्स के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक कुछ अज्ञात बदमाशों ने बस को निशाना बनाकर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। यात्रियों के मुताबिक, एक बड़ा पत्थर सीधा ड्राइवर सीट के सामने वाले कांच पर लगा, जिससे कांच के परखच्चे उड़ गए। कांच फूटते ही चालक मनीष मुजाल्दा निवासी टांडा बुरी तरह हड़बड़ा गया और वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू हुई बस कुछ ही दूरी पर जाकर सड़क से नीचे गड्ढे में पलट गई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और कई यात्रियों को कांच के टुकड़े लगने से गहरी चोटें आई हैं।

चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने सक्रियता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरदारपुर थाना और रिंगनोद चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल सरदारपुर व राजगढ़ के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद बताया जा रहा है कि लगभग 5 से 6 यात्रियों की स्थिति गंभीर है, जिनका विशेष उपचार किया जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव अस्पताल पहुंचे और घायलों से चर्चा कर उनका हाल जाना। एसडीओपी परिहार ने बताया कि प्राथमिक रूप से 30 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि पथराव की बात सामने आई है, जिसकी सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। इस घटना के बाद से यात्रियों में भय और आक्रोश देखा जा रहा है।

Next Post

धार बनेगा 'सेफ सिटी': महिलाओं के लिए देश के 10 सबसे सुरक्षित शहरों में शामिल हुआ ऐतिहासिक धार

Wed Apr 22 , 2026
धार, अग्निपथ। मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक नगरी धार के लिए गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने वर्ष 2026 के लिए देश के जिन 10 शहरों को ‘सेफ सिटीज’ परियोजना के लिए चुना है, उनमें मध्यप्रदेश से एकमात्र धार जिले को स्थान मिला है। केंद्रीय महिला एवं बाल […]

Breaking News