रिकार्डशुदा मां-बेटे के मकान पर चली जेसीबी, सटोरिए का मकान भी ढहाया

निजातपुरा और ढांचाभवन में हुई कार्रवाई, किराएदार हुआ बेघर

उज्जैन,अग्निपथ। पुलिस प्रशासन ने शनिवार को फिर दो मकानों पर जेसीबी चलाई। निजातपुरा में स्मैक बेचने वाले मां-बेटे का मकान ढहाया तो ढांचा भवन में सटोरिए के मकान को जमींदोज कर दिया। खास बात यह है कि तस्कर मां-बेटे का मकान ध्वस्त करने से एक वृद्व किराएदार बेघर हो गया।

किराएदार वृद्ध बोला मेरा क्या कसूर

मंगला के मकान में काफी समय से वृद्ध किराए से रह रहा था। अचानक टीम के पहुंचने से वह आक्रोशित हो गया। पुलिस से उसके गुनाह का पूछ बेघर नहीं करने की गुहार लगाता रहा। अंत में घर में सामान होने का हवाला देते हुए रूआसा तक हो गया। नतीजतन सीएसपी शुक्ला ने निगमकर्मियों से उसका सामान बाहर निकलवाया और आश्रय का इंतजाम करने का भी भरोसा दिलाया। याद रहे मुहिम के चलते पुलिस प्रशासन अब तक बदमाशों के तीन दर्जन मकान-दुकान जमींदोज कर चुका है।

कार्रवाई-1

कैफे टूटी तो रो पड़ा बदमाश

निजातपुरा निवासी मंगलाबाई पति शंकरलाल (50) करीब एक दशक से स्मैक की पुडिय़ा बेच रही है। पुलिस ने उसे दो बार रंगेहाथ पकडक़र जेल भी भेजा। बावजूद वह नशे का व्यापार करने से बाज नहीं आ रही थी। उसका पुत्र आशीष भी मां-बाप के नक्शे कदमों पर चलते हुए अपराधी बन गया। उस पर नशे के धंधे के साथ ही विभिन्न थानों में लूट व अवैध हथियार रखने के आधा दर्जन केस दर्ज हो गए। उन्होंने काली कमाई से दो मंजिला मकान के साथ कैफे पाइंट भी डाल लिया। बिना अनुमति व नक्शे के मकान का पता चलने पर शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे पुलिस-प्रशासन व निगम टीम पहुंच गई। मकान-दुकान पर जेसीबी चलते देख आशीष खुब गिड़गिड़ाया, लेकिन उसकी एक न चली।

कार्रवाई-2

एक तोड़ा, दो मकान की जांच

अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी निवासी राजेश उर्फ सिमरू पिता शिवनारायण कौशल (45) पर जुआ, सट्टा, मारपीट, अडि़बाजी के एक दर्जन से ज्यादा प्रकरण दर्ज हैं। डेढ़ दशक से अपराध में लिप्त सिमरू के तीन मकान है। एक मकान के अवैध होने का रिकार्ड मिलने पर शनिवार दोपहर करीब 2.30 बजे पुलिस व निगम अधिकारी उसके अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी की एक गली में स्थित मकान पर पहुंचे और जेसीबी चलवा दी। कुछ ही देर में उसका एक मंजिला मकान धराशायी कर दिया गया। उसके दो मकानों के दस्तावेजों की जांच लंबित होने के कारण प्रशासन ने फिलहाल उन्हें नहीं तोड़ा है। दोनों कार्रवाई के दौरान सीएसपी पल्लवी शुक्ला, टीआई अजीत तिवारी, शंकरसिंह चौहान, प्रभारी कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव मौजूद थे। भारी फोर्स के कारण दोनों जगह कोई विरोध नहीं हो सका।

इनका कहना है..

मंगला व उसका पुत्र आशीष पर विभिन्न थानों में एक दर्जन अपराध दर्ज हैं। सिमरु भी आदतन अपराधी है। बदमाशों के विरुद्ध चलाई जा रही मुहिम के चलते दोनों के मकान ध्वस्त करने की कार्रवाई की है। – पल्लवी शुक्ला, सीएसपी कोतवाली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बर्ड फ्लू, आखिर सच्चाई क्या है..!

Sat Jan 9 , 2021
कोरोना महामारी के साथ ही एक और जानलेवा बीमारी बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। हालांकि इस बीमारी से अभी तक सिर्फ पक्षियों की जान पर ही बनी है, इंसानों से यह बीमारी दूर है। लेकिन एक्सपर्ट की चेतावनी है कि बीमारीग्रस्त पक्षी (मुर्गा-मुर्गी या अन्य) का मांस का […]