रिमोट से हो रही थी 90 किलो के तौल में 7 किलो की चोरी

ujjain Mandi tol kam pradarshan 23 05 22

कृषि उपज मंडी की फर्म पर किसानों का हंगामा, लाइसेंस निरस्त-गोदाम हुआ सील

उज्जैन, अग्निपथ। कृषि उपज मंडी में सोमवार को करीब 2 घंटे तक खासा हंगामा होता रहा। मंडी की एक फर्म पर उपज के तोल के दौरान किसानों ने एक ऐसा तोल कांटा पकड लिया, जिसे रिमोट से कंट्रोल किया जा रहा था। 90 किलो उपज के हर एक बोरे में 7 किलो उपज ज्यादा तोली जा रही थी। इस चोरी के पकड़े जाने के बाद जब मंडी के किसी जिम्मेदार ने किसानों की बात नहीं सुनी तो किसानों ने मंडी के बाहर चक्काजाम कर दिया। शाम तक मंडी प्रशासन ने फर्म संचालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवा दी, उसका लाईसेंस भी निरस्त कर दिया और फर्म के गोदाम को सील भी करवा दिया।

कृषि उपज मंडी में सोमवार को पालखेड़़ी गांव से किसान गोपाल आंजना करीब 30 क्विंटल सोयाबीन लेकर पहुंचे थे। सोमवार सुबह उनकी उपज नीलाम हुई और शारदा ट्रेडर्स फर्म ने इसे खरीदा। गोपाल आंजना उपज से भरा ट्रेक्टर लेकर शारदा ट्रेडर्स पर तोल कराने पहुंच गए। तोल के दौरान उन्हें शारदा ट्रेडर्स फर्म के एक कर्मचारी पर शक हुआ। यह कर्मचारी बार-बार पेंट की जेब में हाथ डाल रहा था। किसान ने उसे पकडा और तलाशी ली तो उसकी जेब से एक रिमोट मिला।

तोल कांटे पर जैसे ही कोई उपज का बोरा चढ़ाया जाता यह कर्मचारी रिमोट का बटन दबा देता। इससे प्रति बोरी किसानों को 7 किलो उपज का नुकसान हो रहा था। गोपाल आंजना और अन्य किसानों ने शारदा ट्रेडर्स के कर्मचारी को पकडक़र पीट दिया। इसके बाद तोलकांटा उठाकर मंडी कार्यालय पहुंच गए। यहां कोई जिम्मेदार मौजूद नहीं था।

मंडी सचिव कार्यालय पर किसानों की ठीक से बात तक नहीं सुनी गई। इससे गुस्साए किसान आगर रोड पर आ गए और बीच सडक में तोल कांटा रखकर आगर रोड पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना पर चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी जितेंद्र भास्कर पहुंचे। थाना प्रभारी ने खुद खड़े होकर तोल कांटे पर अपना वजन किया। उन्हें भी इस बात का विश्वास हो गया कि तोल कांटे में रिमोट के जरिए गड़बड़ की जा रही थी।

टीआई जितेंद्र भास्कर ने किसानों को आश्वस्त किया कि वे एफएसएल टीम द्वारा तोल कांटे की जांच करवाएंगे और किसान की शिकायत पर संबंधित फर्म संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। थाना प्रभारी के इस आश्वासन के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

सचिव छुट्टी पर, देरी से पहुंचे जिम्मेदार

कृषि उपज मंडी के सचिव उमेश शर्मा स्वास्थ्यगत कारणों की वजह से छुट्?टी पर चल रहे है। वरिष्ठ मंडी निरीक्षक अश्विनी पहाडिय़ा के पास सचिव पद का चार्ज है। वे भी हंगामे के वक्त मंडी में मौजूद नहीं थे। कृषि उपज मंडी के भारसाधक अधिकारी अपर कलेक्टर अवि प्रसाद भी ने एसडीएम गोविंद दुबे को मंडी भेजा था लेकिन वे भी शहर से दूर थे लिहाजा उन्हें पहुंचने में देर हो गई।

मंडी सचिव कार्यालय पर जब किसानों की बात सुनने के लिए कोई जिम्मेदार नहीं था तो किसान आगर रोड पर तोलकांटा ही उठा लाए और यहां चक्काजाम कर दिया। नापतौल निरीक्षक संजय पेठनकर यहां पहुंचे तो वे भी किसानों के गुस्से का शिकार हो गए।

हमने तीन स्तर पर की है कार्रवाई

कृषि उपज मंडी के सचिव उमेश शर्मा बसेडिय़ा ने बताया कि अवकाश पर होने के बावजूद मंडी में हुए घटनाक्रम पर मेरी पूरी नजर रही। सोमवार शाम तक शारदा ट्रेडिंग फर्म के संचालक राजू ताजपुर वाले के खिलाफ मंडी की तरफ से एफआईआर दर्ज करवा दी गई थी। इसके अलावा शारदा ट्रेडिंग फर्म का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।

मंडी सचिव ने बताया कि फर्म के गोदाम में अनाज के ओर भी बोरे पड़े हुए है, आशंका है कि इनके तोल में भी गड़बड़ी की गई है। इस वजह से गोदाम को सील करवा दिया गया है। मंगलवार को एक टीम गोदाम की अलग से जांच करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खंडेलवाल वैश्य पंचायत के अध्यक्ष चुने गए गोविंद खंडेलवाल

Mon May 23 , 2022
11 विजयी प्रत्याशियों में हुआ पदाधिकारियों का चयन-उपाध्यक्ष राजेन्द्र झालानी, सचिव अनिल सामरिया चुने गए उज्जैन, अग्निपथ। खंडेलवाल समाज की शीर्ष संस्था खंडेलवाल वैश्य पंचायत के चुनाव में विजयी हुए 11 प्रत्याशियों के बीच पदाधिकारियों का चुनाव हुआ जिसमें गोविंद खंडेलवाल अध्यक्ष चुने गए। इस दौरान चुनाव अधिकारी द्वारा समस्त […]