रीदा खरीदने आई महिला ने चुराए 5 लाख के गहने

चोरी

उज्जैन, अग्निपथ। चंद का कुआं इलाके में रहने वाली बोहरा समाज की एक महिला के घर से इसी समाज की एक अन्य महिला ने 5 लाख रुपए कीमत के गहने चुरा लिए है। आरोपी महिला रीदा(बोहरा समुदाय की महिलाओं का बुर्का) खरीदने पहुंची थी, इसी दौरान उसने मौका पाकर गहनों से भरा पर्स चुरा लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी के गहने भी जब्त कर लिए है।

गहने चोरी का यह घटनाक्रम दो दिन पहले का है। चंद का कुआं क्षेत्र में रहने वाली महिला अमीना पति इब्राहिम सिंघापुरवाला रीदा बेचने का काम करती है। दो दिन पहले खजूरवाली मस्जिद क्षेत्र की 40 वर्षीय एक महिला अमीना सिंघापुरवाला के घर रीदा खरीदने पहुंची। अमीना इस महिला को पहले से जानती थी, आरोपी महिला कई बार पहले भी यहां से वस्त्र खरीद चुकी थी। अमीना ने उस पर भरोसा किया, महिला ने पीने का पानी मांगा।

अमीना पानी लेने गई, इतनी देर में आरोपी महिला ने गहनों से भरा पर्स चुराकर छुपा लिया। महिला के वापस चले जाने के बाद जब अमीना ने घर में अपना पर्स तलाशा तो उसे वह नहीं मिला। खजूरवाली मस्जिद क्षेत्र से आई महिला पर शंका होने पर अमीना ने जीवाजीगंज पुलिस को सूचना दी। पर्स में सोने की अंगूठी, चेन, चूडिय़ा सहित करीब 5 लाख रूपए कीमत के गहने रखे हुए थे।

जीवाजीगंज थाना प्रभारी गगन बादल के मुताबिक जिस महिला पर अमीना सिंघापुरवाला ने शंका जाहिर की है, उसने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। इस महिला ने चुराए हुए गहने अपने घर की छत पर पानी की टंकी में छुपा दिए थे। टंकी से गहने भी जब्त कर लिए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मंगलनाथ मंदिर में देव प्रतिमाओं से छेड़छाड़

Sun Apr 3 , 2022
मूर्ति से छेड़छाड़ करने वाला सीसीटीवी कैमरे की पकड़ में आ गया। उज्जैन, अग्निपथ। मंगलनाथ मंदिर में किसी सिरफिरे ने देव प्रतिमाओं से छेड़छाड़ की है। यह घटना शनिवार की देररात मंगलनाथ मंदिर में हुई। यहां मौजूद प्राचीन प्रतिमाओं में से पृथ्वीमाता, शीतला माता की प्रतिमाएं तथा पंचपरमेश्वर महादेव के […]