वार्ड 11 में गंदगी का अंबार, शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा निदान

थांदला, अग्निपथ। नगर परिषद विकास के नाम पर अपनी पीठ स्वयं थपथपा रही है। लेकिन वार्डों की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। नगर के वार्ड क्रमांक 11 के लोग मूलभूत आवश्यकताओं के लियेे तरस रहे हैं। वार्ड की पीरसाहब गली के लोगों को रोज नाली के गंदे पानी के बीच में होकर आना जाना कर रहे हैं। वार्ड की पीरसाहब गली, पाश्र्वनाथ मार्ग, कुएं वाली गली में पाइप लाइन डालने के लिये खोदी गई सड़क को अभी तक नहीं बनाया गया है और ना ही सड़कों की मरम्मत की गई।नगर परिषद पूरे नगर में सड़कंे बनाने का दावा भर रही है। लेकिन इन गलियों की सड़के परिषद के दावो को झुठला रही है।

पीरसाहब गली की टूटी फूटी नालियों का गंदा पानी सड़को पर जमा हो रहा है। नालिया नहीं बनी होने से चारों तरफ गंदगी व बदबू से लोग परेशान है। वहीं गंदे पानी से बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ रहा है। पीरसाहब गली के मुन्नाभाई, शाहिद खान, मोईनुददीन, नावेद खान आदि ने बताया कि हमने सड़क व नाली के लिये पार्षद अध्यक्ष व सीएमओ सभी को कई बार बताया। लेकिन कोई हल नहीं निकल पा रहा है। स्थितियां जस की तस बनी हुई है। वार्ड पार्षद को भी हम शिकायत कर थक चुके हंै।

परिषद के उपयंत्री पप्पू बारिया का कहना है कि पीरसाहब गली में 2 लाख की लागत से नाली निर्माण कार्य के लिये कार्यादेश जारी किये करीब 6 माह से अधिक हो चुके हैं। लेकिन ठेकेदार द्वारा कार्य प्रांरभ नहींं किया जा रहा है। जबकि एमडी कंस्ट्राक्शन के दानिश खान का कहना है कि मेरा परिषद में पिछला भुगतान बकाया है। पूर्व का भुगतान होने के बाद दूसरा कार्य किया जायेगा। वार्ड पार्षद आंनद बाबूदादा चौहान का कहना है कि मेरे द्वारा वार्ड की समस्याओं के बारे में कई बार मौखिक और लिखित रूप से अध्यक्ष व सीएमओ को अवगत करवाया गया है। उनके द्वारा शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया है।गौरतलब है कि नगर का वार्ड क्रमांक 11 मे भाजपा की प्रदेश मंत्री संगीता विश्वास सोनी का भी निवास है जो पूर्व में इस वार्ड की पार्षद भी रह चुकी है तथा वार्ड 11 पार्षद भी पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष के पुत्र हैं। उसके बाद भी वार्ड विकास कार्यों में पिछड़ा हुआ है अन्य वार्डों की अपेक्षा वार्ड में विकास की गति काफी धीमी है।

इनका कहना
मैंने 2 दिन पहले ही पदभार ग्रहण किया है। पार्षद और उपयंत्री से चर्चा कर वार्ड की समस्याओं का शीघ्र निदान कर दिया जायेगा।
-भारतसिंह टांक सीएमओ नगर परिषद थांदल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

इंदौर एयरपोर्ट पर उज्जैन की साध्वी के बैग में मिली मानव खोपड़ी

Tue Sep 7 , 2021
बिना अनुमति दिल्ली की फ्लाइट पकडऩे जा रही थीं स्कैनिंग में पकड़ी गईं तो बोलीं- साधु की अस्थियां हरिद्वार विसर्जन के लिए ले जा रही थीं उज्जैन, अग्निपथ। इंदौर एयरपोर्ट पर मानव खोपड़ी और हड्डियां उज्जैन की एक साध्वी के बैग में मिले। बिना अनुमति के साध्वी दिल्ली की फ्लाइट […]