संत कमल किशोर नागर की सुरक्षा बढ़ाने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निकाली पैदल रैली

बदनावर, अग्निपथ। मालवा के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित कमल किशोर नागर को हाथ से लिखे पत्र के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही गुरुभक्तों और गौभक्तों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। बुधवार को बड़ी चौपाटी स्थित महाराणा प्रताप चौक से विशाल पैदल रैली निकाली गई, जो एसडीएम कार्यालय पहुंची। वहां कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सत्संग में भेंट की गई सामग्री में मिला पत्र

ज्ञापन के अनुसार चार सितंबर को झाबुआ जिले के भूराडाबरा स्थित गुरु कृपा शबरी गौशाला में कृष्ण जन्माष्टमी पर सत्संग आयोजित हुआ था। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पंडित नागर को शाल और श्रीफल भेंट किए थे। बाद में जब भेंट सामग्री की जांच की गई, तो उसमें से एक हाथ से लिखा धमकी भरा पत्र बरामद हुआ। इसमें संत नागर को गौ-सेवा तथा आदिवासी क्षेत्रों में चलाए जा रहे सामाजिक कार्य बंद करने की चेतावनी दी गई थी। पत्र में उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने तथा कथा के दौरान गोली मारने का भी उल्लेख है।

असामाजिक तत्वों द्वारा धमकी दिए जाने की आशंका

ज्ञापन में बताया गया कि पंडित कमल किशोर नागर लंबे समय से गौ-सेवा, गौ-तस्करी के खिलाफ और धर्मांतरण के विरोध में जागरूकता अभियान चला रहे हैं। विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में उनके धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते हैं। समिति ने आशंका जताई है कि इन सामाजिक कार्यों से बौखलाए असामाजिक तत्वों द्वारा ही यह धमकी भरा पत्र भेजा गया है। रैली से पूर्व गौभक्त मंडल और विभिन्न संगठनों के वक्ताओं ने जनसमूह को संबोधित किया।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग

गुरुभक्तों और गौभक्तों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि धमकी भरे पत्र की सूक्ष्मता से निष्पक्ष जांच की जाए। पत्र लिखने वाले व्यक्ति की शीघ्र पहचान कर मामले में संलिप्त सभी असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही संत नागर, उनके परिजनों और आश्रम की सुरक्षा व्यवस्था तुरंत बढ़ाई जाए ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके। कार्यक्रम का संचालन शिवरामसिंह रघुवंशी ने किया तथा आभार भेरूलाल पंड्या ने माना। इस मौके पर बड़ी संख्या में गौसेवक मौजूद रहे।

Next Post

ऑनलाइन ठगी पर नलखेड़ा पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक

Wed Sep 9 , 2026
साइबर सेल की सतर्कता से सुरक्षित हुई पीड़ित की मेहनत की कमाई नलखेड़ा, अग्निपथ। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नलखेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित किसान की ठगी गई राशि को सुरक्षित कराने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी शशि […]