सत्ता के नशे में चूर भाजपा नेता ने संघ के स्वयंसेवकों से की मारपीट

धार, अग्निपथ। जिले के राजोद में चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट पर कमेंट करने की बात के चलते भाजपा मंडल अध्यक्ष ने अपने साथियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा वर्ग में भोजन व्यवस्था में लगे कार्यकर्ता और बदनावर से आए स्वयंसेवकों के साथ मारपीट की है। मारपीट के कारण संघ कार्यकर्ता को गंभीर चोट आई है। मामले में पुलिस ने सत्ताधारी दल के मंडल अध्यक्ष के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने में लापरवाही बरती, बाद में दबाव बढ़ता देख प्रकरण दर्ज किया ।

राजोद बस स्टैंड पर संघ कार्यक्रम खत्म होने के बाद घर लौट रहे संघ कार्यकर्ता डॉ. अरुण नायमा के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक फेमस ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। लाठी-डंडे से संघ कार्यकर्ता अरुण नायमा को जमकर पीटा गया। इस कारण नायमा को गंभीर चोट आई और उनका धार के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंडल अध्यक्ष यहीं नहीं रुके संघ वर्ग में आए कार्यकर्ता जब शोर सुनकर बाहर आकर मारपीट देख रहे थे तो उनके साथ भी धमकाते हुए मारपीट की गई है।

घटना के बाद मंडल अध्यक्ष फेमस सहित उसके साथी मौके से भाग निकले। इधर संघ कार्यकर्ता नायमा को घायल अवस्था में सरदारपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद धार रेफ कर दिया गया। संघ कार्यकर्ता नायमा का धार के प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज जारी है।

पहले घर पर की तोडफ़ोड़

इसके पहले दीपक फैमस स्वयंसेवक श्रीराम मुकाती के घर पर भी गया था। जहां पर मुकाती की पत्नी कर्मा मुकाती अकेली थीं। दीपक ने उनके घर के बाहर गालीगलौज कर तोडफ़ोड़ भी की। इस मामले में कर्मा मुकाती की रिपोर्ट पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

पीडि़त संघ कार्यकर्ता का आरोप

संघ कार्यकर्ता अरुण नायमा ने बताया कि बस स्टैंड स्थित बालक छात्रावास में संघ शाखा प्रशिक्षण वर्ग का एक कार्यक्रम था। मैं वहा पर भोजन व्यवस्था के कार्य में लगा था। जब वहां से निकल रहा था तभी भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक फैमस अपने साथी रवि कावलिया, राजेश, विजय, सुनील आदि लोगों के साथ पहुंचा और मारपीट करने लगा। इन लोगों ने एकमत होकर लाठी-डंडे से मारपीट की। संघ कार्यकर्ता अरुण नायमा ने बताया कि इनसे मेरा कोई पुराना विवाद नहीं है और न ही चुनावी रंजीश है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पोस्ट पर भी मेरे द्वारा कोई कमेंट नहीं की गई। इसके बाद भी मेरे साथ मारपीट की गई है।

इनका कहना है

  • संगठन की ओर से मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस दिया है। सात दिन में जवाब मांगा है। जवाब का परीक्षण कर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। – राजीव यादव जिलाध्यक्ष भाजपा, धार
  • मैं उस दिन खाचरौद में था घटना स्थल पर था ही नहीं चाहे तो पुलिस मेरी मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर सकती है। – दीपक फैमस भाजपा मंडल अध्यक्ष, राजोद
  • दो नामजद प्रकरण दर्ज हुए है चार लोगों की गिरफ्तारी हो गई है जल्द ही और गिरफ्तारियां भी होगी । – सुरेंद्र कनेश, टी आई, राजोद थाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

Mon Aug 1 , 2022
देवास, अग्निपथ। जिले के विजयागंज थानान्तर्गत रालामंडल ग्राम में दिनदहाडेÞ लाखों रुपये की चोरी करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने वारदात को तब अंजाम दिया था जब परिवार घर में नहीं था। पुलिस के अनुसार विजयगंज मंडी के ग्राम रालामंडल निवासी जितेन्द्र राठौड़ […]