35 करोड़ का लालच देकर दवा व्यापारी से ठगे 10 लाख

उत्तरप्रदेश के तीन शातिर ठगों पर चिंतामण थाने में दर्ज हुआ प्रकरण

उज्जैन, अग्निपथ। चिंतामण क्षेत्र की मणि विहार कालोनी में रहने वाले एक दवा व्यवसायी को उत्तरप्रदेश के 3 शातिर ठगों ने 10 लाख रूपए की चपत लगा दी है। आरोपियों ने दवा व्यवसायी को उनकी कंपनी में 35 करोड़ रूपए निवेश का लालच दिया और इसके एवज में 10 लाख रूपए कमिशन ऐंठ लिया। इन्वेस्टमेंट की रकम का 35 करोड़ का चेक लेकर दवा कारोबारी जब बैंक पहुंचे तो पता चला कि उनके पास जो चेक है, वह फर्जी है।

ठगी की यह वारदात चिंतामण के नजदीक मणि विहार कालोनी में रहने वाले सुनील पिता हीरालाल जैन के साथ हुई है। सुनील जैन की देवासरोड़ स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में वोकेम फार्मास्यूटिकल के नाम से दवा फैक्ट्री है। सुनील जैन अपना कारोबार बढ़ाने के लिए लंबे वक्त से लोन पाने की जुगत में लगे थे। इसी बीच उत्तर प्रदेश के कुछ लोगों के साथ उनका संपर्क हुआ। उत्तरप्रदेश के तीन युवकों ने खुद को एक बडी इन्वेस्टमेंट कंपनी के डायरेक्टर के रूप में अपना परिचय दिया और सुनील जैन को भरोसा दिला दिया कि वे उनकी कंपनी में 35 करोड़ रूपए का इन्वेस्टमेंट करवा देंगे।

15 दिन की अवधि में आरोपी 2 बार उज्जैन भी आए, यहां सुनील जैन के निवास पर इनकी मीटिंग भी हुई। आरोपियों ने दवा कारोबारी सुनील जैन को 35 करोड़ रूपए निवेश का चेक भी दिया और इसके एवज में कमिशन बतौर 10 लाख रूपए लेने के बाद रफुचक्कर हो गए। सुनील जैन जब चेक लेकर बैंक पहुंचे तो यहां पता चला कि 35 करोड़ का चेक फर्जी है। सुनील जैन चिंतामण थाने पहुंचे और अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। चिंतामण थाना प्रभारी जीवन भिंडोरे के मुताबिक तीनों ही आरोपी नामजद है, उनकी तलाश आरंभ कर दी गई है।

बसंत विहार के सूने मकान में चोरी

उज्जैन, अग्निपथ। बसंत विहार बी-सेक्टर के एक सूने मकान में चोरी की वारदात हो गई है। चोर इस मकान का ताला तोडक़र भीतर घुसे और सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 6 हजार रूपए नगद चुरा ले गए। लवराज पति रोहित सिंह निवासी बसंत विहार ने मामले में चोरी की रिपोर्ट नानाखेड़ा थाने में दर्ज कराई है। जिस मकान में चोरी हुई वह लवराज के मौसा जी का घर का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

असम के बाद उड़ीसा के श्रद्धालु ठगाये काम करने का एक जैसा तरीका

Sun Nov 20 , 2022
होटल बुक कराने के नाम पर आनलाइन ठगी का गेम जारी उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग परिसर के विस्तारीकरण के बाद श्री महाकाल लोक के लोकार्पण होने के बाद बड़ी संख्या में देशभर से भक्त यहां पहुंच रहे है। ऐसे में देश के अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं के साथ फर्जी […]