अंतिम दर्शन के लिए बदहवास हालत में आईं गर्लफ्रेंड शहनाज
मुंबई। एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला के अंतिम संस्कार की रस्में ओशिवरा श्मशान घाट पर शुरू हो चुकी हैं। ब्रह्मकुमारी संस्था के रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सिद्धार्थ बचपन से ही इस संस्था से जुड़े रहे हैं। श्मशान घाट पर सेलेब्रिटीज और फैंस की भीड़ है। सिद्धार्थ की गर्लफ्रेंड शहनाज भी बदहवासी की हालत में अंतिम दर्शन के लिए पहुंची हैं।
40 साल के सिद्धार्थ का गुरुवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया था। उनकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें किसी बाहरी चोट का जिक्र नहीं है। हालांकि, डॉक्टरों ने अपना कमेंट अभी नहीं दिया है। विसरा की फॉरेंसिक जांच के बाद ही डॉक्टर सिद्धार्थ की मौत को लेकर बयान देंगे।
अपडेट्स…
- सिद्धार्थ की मां रीता भी श्मशान पहुंचे। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले भी श्मशान घाट पहुंचे।
- सिद्धार्थ के अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड सेलिब्रिटीज का आना जारी है। निक्की तंबोली, राखी सावंत, अर्जुन बिजलानी, विकास गुप्ता, रश्मि देसाई जैसी सेलिब्रिटीज ओशिवारा स्थित फ्लैट पर पहुंची।
- इस बीच एक्ट्रेस सम्भावना सेठ ने पुलिस के साथ तीखी बहस की, क्यूंकि पुलिस उन्हें श्मशान घाट के अंदर नहीं जाने दे रही थी।
- पहले सिद्धार्थ का शरीर अंतिम दर्शनों के लिए सेलिब्रेशन क्लब में रखा जाना था, लेकिन देरी की वजह से अब सीधे अंतिम संस्कार के लिए लाया गया है।
- मेडिकल रिपोर्ट्स मिलने में हो रही देर के कारण 11 बजे के बाद भी सिद्धार्थ का शव फैमिली को नहीं मिला।
- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने कोई ओपिनियन नहीं दी है। विसरा प्रिजर्व किया गया है। हिस्टोपैथोलॉजिकल स्टडी के बाद मौत की वजह बताई जाएगी।
- सिद्धार्थ की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मुंबई पुलिस को दी गई है। बॉडी पर एक्सटर्नल चोट के निशान नहीं मिले हैं।
- मुंबई पुलिस सिद्धार्थ का विसरा फोरेंसिक जांच के लिए कलिना फॉरेंसिक लैब भेजेगी।
- केमिकल और एनालिसिस रिपोर्ट का भी इंतजार है।
आखिरी वक्त सिद्धार्थ के साथ मौजूद थीं गर्लफ्रेंड शहनाज
सिद्धार्थ की तबीयत बुधवार रात बिगड़ गई थी। गुरुवार सुबह जब वे नहीं उठे तो फैमिली डॉक्टर को बुलाया गया था। डॉक्टर की सलाह पर उनकी बहन प्रीती और बहनोई कूपर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस वक्त सिद्धार्थ घर में बेसुध थे, उस वक्त शहनाज भी वहां मौजूद थीं।
मौत से ठीक एक दिन पहले सिद्धार्थ शुक्ला का मूवमेंट आम दिनों के मुकाबले अलग था। वे अक्सर डिनर घर पर ही अपनी मां के साथ करते थे। बुधवार की रात उन्होंने वह भी नहीं किया। सिर्फ छाछ पी और कुछ फ्रूट्स खाए। फिर तीन घंटे टीवी और मोबाइल पर शोज देखे। रात ढाई बजे मां से पानी मांगा और पानी पीकर सोने चले गए। सुबह साढ़े सात बजे उनकी मां ने कमरे में उन्हें पीठ के बल सोया पाया। सिद्धार्थ अक्सर करवट लेकर सोया करते थे। कुछ देर बाद अजीब महसूस होने पर मां ने डॉक्टर को बुलाया।
मौत की वजह नहीं बताई; 20 दिन बाद आने वाली फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
सिद्धार्थ शुक्ला की पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट कूपर हॉस्पिटल की ओर से मुंबई पुलिस को सौंप दी गई है। कुछ देर में आधिकारिक तौर पर मुंबई पुलिस यह खुलासा करेगी कि 40 साल के अभिनेता की मौत की असली वजह क्या थी। ओशिवारा पुलिस स्टेशन के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रिपोर्ट में सिद्धार्थ की बॉडी पर कोई भी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।