लड़ना अच्छी बात नहीं… यो यो हनी सिंह और पत्नी की जज ने की काउंसलिंग

नई दिल्ली। पंजाबी गायक और अभिनेता यो यो हनी सिंह (हिरदेश सिंह) घरेलू हिंसा मामले में शुक्रवार को दिल्ली की तीस हजारी अदालत में पेश हुए। न्यायाधीश ने सुनवाई के दौरान हनी सिंह और उनसे अलग रह रहीं उनकी पत्नी शालिनी तलवार को अपने चैम्बर में बुलाकर अंदर समझाया और दोनों को आपसी बातचीत से इस विवाद को सुलझाने का सुझाव दिया। अदालत ने उनसे कहा कि लड़ना अच्छी बात नहीं है। इससे पहले अदालत ने हनी सिंह को अदालत में पेश नहीं होने पर कड़ी फटकार लगाते हुए कहा था कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

हनी सिंह ने मेडिकल आधार पर मामले में पेशी से छूट प्राप्त करने के लिए आवेदन दाखिल किया था, वहीं उनकी पत्नी शालिनी तलवार अदालत में पेश हुई थीं। अदालत ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए हनी सिंह के वकील से कहा कि हनी सिंह हाजिर नहीं हुए। आपने उनका आय हलफनामा दाखिल नहीं किया है और दलीलों के लिए भी तैयार नहीं हैं।

हनी सिंह के वकील ईशान मुखर्जी ने तलवार की याचिका पर जवाब दाखिल करते हुए अदालत को बताया था कि वह पहले ही आभूषण सहित सभी कीमती सामान अपने साथ ले जा चुकी हैं और वह अपने ससुराल वालों के साथ नोएडा के मकान में 15 दिन में रहने आ सकती हैं।

मुखर्जी ने कहा था कि हम उन्हें साथ रखने के लिए तैयार हैं। हम एक दीवार बना देंगे। 15 दिन में उन्हें यह उपलब्ध कराया जा सकता है। साथ ही मुखर्जी ने कहा था कि हनी सिंह के पास करीब चार करोड़ रुपये की दो संपत्तियां हैं, जिनमें से एक करोड़ रुपये मूल्य वाली एक संपत्ति शालिनी तलवार के नाम है।

Next Post

अब समंदर का सिकंदर बनेगा भारत, 10 सितंबर को मिलने जा रहा यह खास हथियार

Fri Sep 3 , 2021
नई दिल्ली। भारत को जल्द ही एक ऐसा खतरनाक हथियार मिलने वाला है, जिसके बाद समंदर में चीन और पाकिस्तान की हर हिमाकत का पहले से अधिक ताकत के साथ इंडियन नेवी मुंहतोड़ जवाब देगी। दुश्मन की न्यूक्लियर मिसाइलों को ट्रैक करने वाला भारत का पहला जहाज आईएनएस ध्रुव 10 […]
INS Dhurv