खबर का असर: महाकाल के अस्थाई व्हीलचेयर कर्मचारी वापस काम पर लौटे

मंदिर प्रशासन ने दिया एक बार फिर श्रद्धालुओं की सेवा का अवसर

उज्जैन, अग्निपथ। शनिवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर के 13 अस्थाई व्हीलचेयर कर्मचारी काम पर वापस लौट आए। दैनिक अग्निपथ में 29 अगस्त को समाचार प्रकाशित किया गया था, जिसमें अस्थाई व्हीलचेयर कर्मचारियों की इसमें संलिप्तता नहीं होने का हवाला दिया गया था। लिहाजा शनिवार को मंदिर प्रशासन ने उनको फिर से काम पर वापस आने के निर्देश प्रदान किए। सुबह से ही व्हीलचेयर कर्मचारी अपने काम में जुट गए थे। अब इन व्हीलचेयर कर्मचारियों के चेहरों पर प्रसन्नता दिखाई दे रही है।

28 अगस्त से पूर्व एक बाहर के हारफूल दुकान का संचालन करने वाले भुरू द्वारा एक महिला को व्हीलचेयर पर बैठाकर भगवान महाकाल के दर्शन कराए गए थे। इसके ऐवज में महिला द्वारा उसको 500 रुपए दिए गए थे। जिसका वीडियो बना लिया गया था और इसको सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था। मामला संज्ञान में आने के बाद मंदिर प्रशासन ने तिलक जोगी, कुलदीप जोगी, सुनील पवार, महेश बैरागी, कृष्ण माली, शांतिलाल बैरागी, हेमंत चौहान, सुशील पाटीदार, पुष्पेंद्र जोगी, रूपेश कहार, गोविंद रामटेके, धर्मेंद्र जोगी, लोकेश जोगी और श्याम बैरागी को कसूरवार मानते हुए व्हीलचेयर चलाने की मनाही कर दी थी। तब से लेकर आज तक उक्त कर्मचारी मंदिर के अधिकारियों से व्हीलचेयर सेवा करने का अनुरोध कर रहे थे। लेकिन शनिवार की सुबह इन कर्मचारियों को मंदिर के अधिकारी ने पुन: सेवा शुरू करने के निर्देश दिए।

नए आईकार्ड बनेंगे

जानकारी में आया है कि मंदिर के इन अस्थाई व्हीलचेयर कर्मचारियों को सिंहस्थ-2016 में व्हीलचेयर सेवा करने के लिए मंदिर प्रबंध समिति का आईकार्ड प्रदान किया गया था। तब से लेकर आज तक इनको रिन्यू नहीं किया गया था। अब फिर से मंदिर प्रबंध समिति इन कर्मचारियों को आईकार्ड देने पर विचार कर रही है।

परिजनों को बैठाकर ले जाना पड़ रहा था

महाकालेश्वर मंदिर में मंदिर प्रबंध समिति के तीन कर्मचारी व्हीलचेयर सेवा में लगे हुए हैं। वहीं दो आऊटसोर्स कर्मचारी केएसएस कर्मचारी के भी सेवा में लगा दिए गए थे। इस तरह से पांच कर्मचारियों द्वारा व्हीलचेयर का संचालन किया जा रहा था। जो कि श्रद्धालुओं के आगमन के हिसाब से नाकाफी था। श्रद्धालु अपने परिजनों को स्वयं व्हीलचेयर पर बैठाकर भगवान महाकाल के दर्शन करवा रहे थे। जिसके चलते यह व्यवस्था आधी अधूरी लग रही थी। शनिवार से पुन: इनके काम पर लौटने के बाद व्हीलचेयर व्यवस्था पटरी पर आ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सीआईडी अफसर बनकर ठगी करने वालों का सुराग नहीं

Sat Sep 4 , 2021
चैकिंग के बहाने किसान के झोले से उड़ाए थे 50 हजार उज्जैन,अग्निपथ। सीआईडी अफसर बनकर किसान को 50 हजार की चपत लगाने वाले बदमाशों का शनिवार रात तक चिमनगंज पुलिस को पता नहीं चल सका। शातिर आगर रोड पर चैकिंग के नाम पर किसान के झोले से रुपए उड़ा ले […]