भविष्य निधि कार्यालय के बाहर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने गाया रघुपति राघव राजा राम

Roadways employees andolan at Epfo ujjain 11 04 22

4 सालों से परेशान सडक़ परिवहन निगम के कर्मचारी 1 घंटे तक खड़े रहे कार्यालय के बाहर तब मिले अधिकारी

उज्जैन, अग्निपथ। म.प्र. सडक़ परिवहन निगम द्वारा निगम कर्मचारियों को भुगतान की गई महंगाई भत्ते की एरीयर राशि में से भविष्य निधि अंशदान की काटी गई राशि जमा कराये जाने की मांग को लेकर कर्मचारी भरतपुरी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त की जनसुनवाई में पहुंचे, लेकिन 11 बजे का समय होने के बावजूद उनकी सुनवाई करने वाला वहां कोई नहीं था। कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर ही रघुपति राघव राजा राम आयुक्त को सद्बुध्दि दे भगवान भजन गाए। एक घंटे बाद करीब सवा 12 बजे आयुक्त कर्मचारियों से मिले तथा हर संभव मदद हेतु आश्वस्त किया।

4 सालों से परेशान हो रहे कर्मचारियों को फंड कमिश्नर ने पूर्व में आश्वस्त किया था कि अगर मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम द्वारा राशि जमा नहीं की गई तो क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त द्वारा 7 ए की कार्यवाही प्रबंध निदेशक मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम मुख्यालय हबीबगंज भोपाल के खिलाफ की जाएगी एवं भुगतान जमा करा कर सभी कर्मचारियों का भुगतान किया जाएगा। किंतु इस आश्वासन को करीब एक महीना बीत जाने के बावजूद कर्मचारियों को भुगतान नहीं हो पाया।

रमेश राय ने बताया कि उच्च न्यायालय नईदिल्ली के आदेश के पालन में नियोक्ता मध्यप्रदेश सडक़ परिवहन निगम द्वारा अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की एरीयर राशि का भुगतान वर्ष 2018 में किया गया लेकिन नियोक्ता द्वारा एरियर राशि में से कर्मचारी भविष्य निधि अंशदान की वर्ष 1998 से 2006 तक की राशि कटोत्रा करने के बाद उक्त राशि को भविष्य निधि कार्यालय में आज तक जमा नहीं कराई गई।

10 अप्रैल 2019 से अब तक कर्मचारियों ने दर्जनों बार जिम्मेदारों से मुलाकात की लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ। कर्मचारियों ने आयुक्त से मांग की कि अंशदान की राशि मय ब्याज के वसूली जाए तत्पश्चात कर्मचारी सदस्यों को राशि भुगतान करें। इस दौरान रमेश राय, खेमचंद शर्मा, हेमसिंह चौहान, नरेन्द्र उपाध्याय, अर्जुनसिंह सोलंकी, एसएस तोमर, रमेशचंद्र बागवान, महेन्द्र प्रजापति, महेन्द्र यादव, राजेन्द्र गुर्जर, हफिज भाई, बसंत गौड़, अशोक तिवारी, भंवरलाल बेनीवाल, अंजय पंत, सुनील शर्मा, सुरेन्द्र, सुरेश खत्री सहित रिटायर्ड कर्मचारी मौजूद रहे।

करीब 4 हजार कर्मचारियों की राशि अटकी

रमेश राय ने बताया कि मध्य प्रदेश सडक़ परिवहन निगम उज्जैन डिपो, संभागीय कर्मशाला उज्जैन, शाजपुर डिपो, आगरा डिपो, रतलाम डिपो, मंदसौर डिपो, नीमच डिपो, तराना सब, डिपो महिदपुर सब डिपो, जावद सब डिपो के करीब चार हजार कर्मचारियों की महंगाई भत्ते की राशि में से काटी गई कर्मचारी भविष्य निधि अंशदान राशि मध्य प्रदेश सडक़ परिवहन निगम से मय ब्याज वसूल कर भविष्य निधि कार्यालय कर्मचारी सदस्यों को नियमानुसार राशि भुगतान करने की मांग की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राजपूत हितकारिणी सभा के अध्यक्ष संत कृपालसिंह जी ने उज्जैन में समीक्षा बैठक ली

Mon Apr 11 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। राजपूत हितकारिणी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत कृपालसिंह जी ग्वालियर से उज्जैन आगमन पर 11 अप्रैल 2022 की सुबह 11 बजे विद्युत मंडल के रेस्ट हाउस में बोर्डिंग हाऊस की समीक्षा बैठक ली , बैठक में महाकाल वाणिज्य ,बसंत विहार एवं दशहरा मैदान में स्थित प्रोपर्टी तथा उसके […]
sant kripal singh ji