सेवाधाम आश्रम में एक और मनोरोगी की मौत

11 दिन में 6 लोगों की संदिग्ध स्थितियों में हो चुकी है मौत

उज्जैन, अग्निपथ। सेवाधाम आश्रम में भर्ती एक और मनोरोगी युवक की बुधवार को मौत हो चुकी है। उसे मृत अवस्था में ही आश्रम से जिला अस्पताल लाया गया। 1 मई के बाद से अब तक सेवाधाम आश्रम में रहने वाले 6 लोगों की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। मरने वाले सभी लोग मनोरोगी थे। आश्रम में रहने वाले करीब 25 लोगों को तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया जा चुका है, हालांकि इनमें से ज्यादातर अब स्वस्थ्य है।

बुधवार की दोपहर आश्रम में रहने वाले दत्तू पिता विलासराव तावड़े उम्र 18 साल की एकाएक तबियत बिगड़ी, उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। दत्तू तावड़े की कुछ दिन पहले भी तबियत बिगड़ी थी, उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। 8 मई को ही अस्पताल से उसे डिस्चार्ज किया गया था।

बुधवार सुबह वह रोजाना की तरह जागा, उसने नाश्ता भी किया और खाना भी खाया। इसके बाद एकाएक उसकी तबियत दोबारा बिगड़ गई। दत्तू तावड़े को 28 फरवरी 2020 को भोपाल से सेवाधाम आश्रम लाया गया था। वह मानसिक विकलांग होने के साथ ही मूक-बधिर भी था। सेवाधाम आश्रम से भर्ती किए गए करीब 25 मरीजों में से ज्यादातर अब बेहतर स्थिति में है। अधिकांश को अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है।

सेवाधाम आश्रम में एक के बाद एक 6 मनोरोगियों की मौत अब तक रहस्य बनी हुई है। उज्जैन जिला अस्पताल, आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज और इंदौर के भी कुछ डॉक्टर्स ने यहां के मरीजों की जांच की। किसी भी डॉक्टर को मौत या बीमार होने की वजह समझ नहीं आई। मनोरोगियों के ब्लड और यूरिन के सेंपल भी लिए गए लेकिन इनकी जांच से भी कुछ साफ नहीं हो सका। अब पूरा दारोमदार मृतकों के शरीर से लिए गए बिसरा के सेंपल की जांच पर टिका है। फिलहाल किसी भी मृतक की बिसरा रिपोर्ट नहीं मिल सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कस्तूरी बाग में 3 सूने मकानों पर चोरों का धावा

Wed May 11 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। चोरों ने मंगलवार-बुधवार रात तीन सूने मकानों पर धावा बोला। कीमती सामान नहीं मिलने पर चोर घरेलू सामान ही चुराकर ले गये। सुबह पुलिस वारदात का पता चलने पर सुराग तलाशने पहुंची थी। एमआर-5 मार्ग पर बनी कस्तूरी बाग कालोनी में चोरों ने सबसे पहले राकेश पिता राजेन्द्र […]
Tala toda