महिला को निर्वस्त्र कर मारपीट: 24 घंटे के भीतर सभी 8 आरोपी गिरफ्तार

झाबुआ, अग्निपथ। पश्चिमी मप्र के आदिवासी अंचल झाबुआ में एक महिला को निर्वस्त्र कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी अरविंद तिवारी ने स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं के साथ इस तरह की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की इसमें जीरो टॉलरेंस की नीति है।

गौरतलब है कि गुरुवार को रायपुरिया थानाक्षेत्र के ग्राम रुपारेल का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें कुछ लोग एक महिला के साथ मारपीट कर रहे थे। मारपीट के दौरान महिला के कपड़े भी फट गए। इसके बावजूद वे लोग महिला को लाठी और डंडों से पीटते रहे।

मानवता को शर्मसार करने वाला ये वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और महज दो घंटे के भीतर तीन आरोपी मुकेश पिता रायचंद कटारा (35) निवासी अजब बोराली, गोपाल पिता राजू कटारा (20) निवासी अजब बोराली और शंभू पिता धारजी गणावा (45) निवासी बावड़ी बड़ी को गिरफ्तार कर लिया था।रात में पुलिस ने ग्राम अजब बोराली में दबिश देकर अन्य तीन आरोपी राजू पिता रायचंद कटारा (40), नरसिंह पिता रायचंद कटारा (28) और निलेश पिता सकरिया खराड़ी (25) को भी गिरफ्तार कर लिया।उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त की गई है।

शुक्रवार सुबह अन्य दो आरोपी कोदा पिता माना (35) निवासी ग्राम सुवापाठ और दिनेश पिता रणछोड़ मुनिया (28) निवासी छोटा सलुनिया को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी में एसडीओपी सोनू डावर, रायपुरिया थाना प्रभारी राजकुमार कंसारिया, एसआई महावीर वर्मा, अशफाक खान, एमएल लश्करी, एएसआई रियाजउल हक, फोदलसिंह, दिग्विजय सिंह, प्रधान आरक्षक शोभाराम, निर्मला, आरक्षक रितुबाला, मुकेश, राजू, तरवेज, दुर्गेश, राकेश और सुरेश की भूमिका रही।

ये है पूरा मामला

पीडि़त महिला रुपारेल निवासी मेहरबान पिता बाबू ओसारी की दूसरी पत्नी है। वह करीब आठ महीने पहले ग्राम अजब बोराली निवासी मुकेश कटारा के साथ चली गई थीं। तब से वह उसके साथ ही रह रही थी। बुधवार रात में महिला वापस अपने पति के पास लौट आई।

ये बात मुकेश को नागवार गुजरी और गुरुवार दोपहर वह अपने साथियों के साथ रुपारेल पहुंच गया। जहां से वे महिला को अगवा कर ले जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने महिला और उसके पति दोनों को जमकर पीटा। महिला को तो निर्वस्त्र कर लठ मारे। फिर उसे मोटर साइकिल पर अगवा कर ले गए। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति मेहरबान की शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 147, 148, 149, 323, 294, 506, 364, 354 में प्रकरण दर्ज किया है।

महिलाओं के साथ ऐसी कोई भी घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी

महिला के साथ मारपीट का विडियो सामने आने के महज दो घंटे के भीतर हमने मुख्य आरोपी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। वही 24 घंटे के भीतर सभी 8 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। बात चाहे महिलाओं के सम्मान की, हो चाहे सुरक्षा की, इस तरह की घटना में पुलिस की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। – अरविंद तिवारी, एसपी, झाबुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

 महाकालेश्वर मंदिर पहुंच मार्गों पर जाम

Sun Aug 14 , 2022
भोग आरती के बाद बढ़ी भीड़, 250 रु. टिकट धारियों का प्रवेश 4 नंबर गेट से उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार और 15 अगस्त दो दिवसीय अवकाश के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एक बार फिर उमड़ी। हालत यह थे कि मंदिर प्रशासन को बार-बार व्यवस्थाएं बदलना […]