‘चिम्पू’! कहाँ तुम चले गये

9 फरवरी 2021 एक मनहूस खबर लेकर आयी। फिल्मी दुनिया का एक और सितारा स्वर्गीय राजकपूर जी के तीसरे बेटे राजीव कपूर का 59 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। राजीव कपूर के इस दुनिया में नहीं रहने की खबर उनके बड़े भाई रणधीर कपूर ने ट्वीट करके दी।

स्वर्गीय राज कपूर और कृष्णा राजकपूर के तीसरे नंबर के बेटे राजीव कपूर अभिनेता, निर्माता, निर्देशक थे। 25 अगस्त 1962 को चैम्बूर मुंबई में जन्मे राजीव को प्यार से परिवार में चिंपू कहकर बुलाया जाता था। राजीव शुरू से ही अभिनय के शौकीन थे क्योंकि यह कला उन्हें परिवार से विरासत के रूप में मिली थी। रणधीर कपूर और स्वर्गीय ऋषि कपूर के छोटे भाई, शम्मी कपूर-शशि कपूर के भतीजे, पृथ्वीराज कपूर के पोते राजीव ने मात्र 21 वर्ष की उम्र में अभिनेता के रूप में फिल्म ‘एक जान हैं हम’ से फिल्मी दुनिया में प्रवेश किया।

सन् 1985 ने पिताजी द्वारा निर्देशित अंतिम फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ में मुख्य भूमिका निभायी और इस फिल्म ने लोकप्रियता के सारे मापदंड तोड़ते हुए एक नया मुकाम हासिल किया। फिल्म राम तेरी गंगा मैली में राजीव के अभिनय को सराहा गया। इसके बाद सन् (1984) में ही निर्मित ‘प्लाज्मा’, (1985) में बनी ‘लवर बॉय’ और ‘जबरदस्त’, (1988) में ‘हम तो चले परदेश’ और सन् 1990 में बनी फिल्म ‘जिम्मेदार’ में उन्होंने आखिरी बार अभिनय किया परंतु इनमें से कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चल नहीं पाई तब राजीव ने अभिनय का रास्ता छोडक़र निर्माता, निर्देशक बनने का रास्ता चुना और 1991 में बड़े भाई रणधीर कपूर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘मेहंदी’ का निर्माण किया।

सन् 1996 में अभिनेता ऋषि कपूर और माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘प्रेम गं्रथ’ का निर्देशन किया। दुर्भाग्यवश निर्माण और निर्देशन दोनों ही क्षेत्र में राजीव कुछ खास कर नहीं पाये और एक तरीके से फिल्मी दुनिया से उनकी बिदायी हो गई थी। 39 वर्ष की उम्र में राजीव कपूर को आर्किटेक्ट आरती सभरवाल से प्यार हो गया और सन् 2001 में वह राजीव की जीवन संगिनी बन गई पर विवाह का यह पवित्र संबंध ज्यादा लंबे समय तक चल नहीं पाया और 2003 में तलाक हो गया। मात्र दो वर्ष ही वैवाहिक जीवन का आनंद लेने के बाद राजीव नितांत अकेले रह गये।

नि:संतान राजीव अपने बड़े भाई रणधीर कपूर के साथ ही रहते थे। अंतिम समय में भी रणधीर कपूर अपने अनुज को लेकर मुंबई के इनलेक्स अस्पताल पहुँचे थे। पिछले तीन वर्ष कपूर खानदान के लिये बहुत ही ज्यादा त्रासदीदायक रहे हैं। वर्ष 2018 में स्वर्गीय राज कपूर की पत्नी और राजीव, रणधीर, ऋषिकपूर की माता जी श्रीमती कृष्णा राज कपूर शर्मा का दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। उसके बाद जनवरी 2020 में तीनों की बहन रितु नंदा का निधन और अप्रैल 2020 में ऋषि कपूर का निधन और फरवरी 2021 में राजीव कपूर इस दुनिया को छोडक़र चले गये।

फिल्मप्रेमी और राजीव के प्रशंसक लंबे समय तक ‘राम तेरी गंगा मैली’ फिल्म में उनके द्वारा किये गये अभिनय को भुला नहीं पायेंगे। दैनिक अग्निपथ परिवार की ओर से स्वर्गीय राजीव कपूर को विनम्र श्रद्धांजलि। ओम शांति, शांति…!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भस्म आरती दर्शन महाशिवरात्रि बाद होंगे

Tue Feb 9 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर में सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र भस्म आरती के दर्शन अब महाशिवरात्रि के बाद शुरू होंगे। इसको लेकर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की बैठक मंगलवार को मेला कार्यालय में आयोजित की गई। दैनिक अग्निपथ ने अपने 7 जनवरी के अंक में …भस्म आरती दर्शन के लिए शिवरात्रि […]