उदय आरंभ के दो वर्ष पूर्ण होने पर हुआ मिलन एवं सम्मान समारोह
उज्जैन, अग्निपथ। समाज में घटित होने वाली सभी जानकारी समाचार पत्र के माध्यम से जन-जन तक पहुँचती है। समाचार पत्र के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को भी जमीनी जानकारी पहुँचती है। इसी जानकारी के आधार पर जनप्रतिनिधी काम करते हैं। वास्तव में समाचार पत्र समाज का दर्पण होता है।
यह बात विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने उदय आरंभ समाचार पत्र के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित मिलन एवं सम्मान समारोह में कही। विधायक श्री जैन ने कहा कि समाज में व्याप्त समस्याओं की समस्त जानकारी मीडिया के माध्यम से उन तक पहुँचती है। जिससे उन्हें काम करना आसान हो जाता है।
जैन ने कहा कि यह उज्जैन के लिये गौरव का विषय है कि यहां से मुख्यमंत्री का प्रतिनिधित्व डॉ. मोहन यादव कर रहे हैं। उज्जैन के विकास के द्वार तेजी से खुल रहे हैं। उज्जैन का चारों तरफ से विकास हो रहा है। इसमें शहरवासी भी अपना कोई सुझाव देना चाहते हैं तो वह सादर आमंत्रित है। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उदय आरंभ के संपादक उदय सिंह चंदेल द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। स्मृति चिन्ह मोहन राजपूत, गौर एसोसिएट्स द्वारा दिये गये। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र व्यास, स्वामी मुस्कुराके द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन रामचन्द्र गिरी ने किया।
नगर निगम सदैव आपके साथ- सभापति श्रीमती यादव
नगर निगम सभापति कलावती यादव ने उदय आरंभ के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वास्तव में अखबार निकालना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि शहर के विकास के लिये नगर निगम वचनबद्ध है। शहरवासी नगर निगम से किसी तरह की कोई मदद चाहते हैं या कोई सुझाव देना चाहते हैं तो दे सकते हैं। उन्होंने इस अवसर पर नवरात्रि पर्व पर चल रही मां की आराधना पर भी नगरवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित की।
समाचार पत्र का संचालन कठिन कार्य- महापौर टटवाल
महापौर मुकेश टटवाल द्वारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उदय आरंभ परिवार को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि किसी भी समाचार पत्र का संचालन करना कठिन कार्य है। उदय आरंभ परिवार लगातार दो वर्षों से इस कार्य को कर रहा है, इसके लिये वह बधाई के पात्र हैं।
परंपरा को आगे बढ़ाया- पूर्व विधायक भारती
पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती ने कहा कि उदय आरंभ का संचालन दो वर्षों से हो रहा है जो काफी सुखद है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उदय आरंभ के संपादक उदय सिंह चंदेल ने अपनी पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाया है। उनके दादा ठा. शिवप्रताप सिंह की पत्रकारिता की राह को उन्होंने चुना है वह बधाई के पात्र हैं।
समाचार पत्र चुनौतीपूर्ण कार्य- पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोलंकी
सेवा भारती के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मीडिया का युग बहुत तेजी से बदल रहा है। इस तेजी से बदलते युग में समाचार पत्र का कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उदय आरंभ ने हमेशा चुनौतियों का सामना किया है।
विपक्ष की आवाज बुलंद करता समाचार पत्र- अध्यक्ष भाटी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा कि उदय आरंभ समाचार पत्र ने सदैव सत्तापक्ष के साथ विपक्ष की आवाज को भी बुलंद किया है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज का भी सम्मान होना चाहिये। उदय आरंभ ने विपक्ष की आवाज का भी सम्मान समाचार पत्र के माध्यम से रखा है। दो वर्ष पूर्ण होने पर उदय आरंभ को बधाई दी गई।
तेजी से बदल रहा है पत्रकारिता का दौर- श्री जैन
प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष व दैनिक अक्षर विश्व के प्रधान संपादक सुनील जैन ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि पत्रकारिता का दौर तेजी से बदल रहा है। सोश्यल मीडिया की पत्रकारिता ने तेजी से जगह बनाई है किंतु आज भी समाचार पत्र की विश्वसनीयता कायम है। सोश्यल मीडिया पर खबर तेज गति से मिल जाती है किंतु कई बार उसकी विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह रहता है। समाचार पत्र में प्रकाशित खबर आज भी लोगों की पहली पसंद है।
चुनौती को स्वीकार किया- अध्यक्ष हर्षवर्धन
भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि उदय आरंभ परिवार ने हमेशा चुनौतियों को स्वीकार किया है। उनकी खबरों में एक अलग मिजाज देखने को मिलता है। इस अवसर पर उन्होंने मातृ शक्ति को प्रणाम करते हुए नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी।
पत्रकार सम्मान से सम्मानित हुए पत्रकार
कार्यक्रम में पत्रकारों को पत्रकार सम्मान से सम्मानित किया गया। पत्रकार सम्मान से अतिथियों द्वारा अशोक पटेल, देवेन्द्र पुरोहित, हेमंत भोपाले, हेमंत सेन, हीना तिवारी, जयसिंह ठाकुर, ललित सक्सेना, ललित जैन, रश्मि जैन, एसएन शर्मा, राजेन्द्र पुरोहित, सतीश गौड़, राजेन्द्र राठौर, रामचंद्र गिरी और कमलेश जाटवा को सम्मानित किया गया।